हादसा नहीं, सुनियोजित हत्याकांड निकला हाथीनाला कांड: जबलपुर का डॉक्टर समेत 8 गिरफ्तार, तीन आरोपी अब भी फरार
नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र अंतर्गत हाथीनाला (इंद्रानगर) के पास 19 जुलाई को राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर हुई भीषण घटना, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई थी, अब पुलिस जांच में सड़क हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्याकांड साबित हुई है। प्रारंभिक जांच में इसे तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से हुआ हादसा माना गया था, लेकिन विशेष जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए जबलपुर के डॉक्टर अमित खरे सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन आरोपी अभी भी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, वारदात की साजिश करीब एक माह पहले रची गई थी। आरोपियों ने मृतकों की लगातार रेकी की और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के बाद दो हाईवा वाहनों का उपयोग कर घटना को अंजाम दिया। हत्या के बाद पूरे मामले को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई ताकि पुलिस और आमजन को गुमराह किया जा सके। जांच के दौरान घटनास्थल से मिला वाहन का टूटा हुआ अंग्रेजी अक्षर ‘A’ मोनोग्राम इस पूरे मामले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बना, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और साजिश का पर्दाफाश हुआ।
जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी और मृतकों के बीच पुरानी रंजिश तथा अवैध रेत कारोबार सहित अन्य विवाद चल रहे थे। पुलिस का आरोप है कि जबलपुर निवासी डॉक्टर अमित खरे ने घटना को दुर्घटना साबित करने, साक्ष्य छिपाने और आरोपियों को सलाह देकर साजिश में सहयोग किया। इसी आधार पर उन्हें भी गिरफ्तार किया गया है। हालांकि उनके विरुद्ध आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय में विचाराधीन रहेगा।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का सार्वजनिक जुलूस निकालकर न्यायालय में पेश किया। वारदात में प्रयुक्त हाईवा डंपर, थार, फॉर्च्यूनर सहित अन्य वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी के बाद मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।










