सीएम हेल्पलाइन में जबलपुर नगर निगम का परचम, लगातार 9वीं बार प्रदेश में प्रथम

---Advertisement---

निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के कुशल नेतृत्व, सतत मॉनिटरिंग और जनसेवा के प्रति समर्पित कार्यशैली का परिणाम

जबलपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त नागरिकों की शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टिपूर्ण निराकरण के क्षेत्र में जबलपुर नगर निगम ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय देते हुए प्रदेश में लगातार नौवीं बार प्रथम स्थान प्राप्त किया है। 98.86 प्रतिशत अंकों के साथ यह उपलब्धि नगर निगम के लिए गौरव का विषय है, जो निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के कुशल नेतृत्व, प्रभावी प्रशासनिक क्षमता और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने पदभार ग्रहण करने के बाद से ही यह स्पष्ट कर दिया था कि नागरिकों की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी सोच के अनुरूप उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की प्रत्येक शिकायत की नियमित समीक्षा, विभागवार मॉनिटरिंग, समय-सीमा का कड़ाई से पालन तथा अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की। परिणामस्वरूप शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण हुआ और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का स्तर भी लगातार बढ़ा।

नगर निगम को प्राप्त 3,801 शिकायतों में से लगभग 59.16 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण सीधे शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर उनकी संतुष्टि के साथ किया गया। यही कारण रहा कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी ग्रेडिंग सूची में जबलपुर नगर निगम को लगातार नौवीं बार ‘ए’ ग्रेड में प्रदेश का प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।

यह सफलता केवल एक प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार द्वारा विकसित पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित प्रशासनिक व्यवस्था का परिणाम है। उनकी कार्यशैली में नियमित फील्ड निरीक्षण, तकनीक आधारित मॉनिटरिंग, अधिकारियों से प्रतिदिन समीक्षा तथा प्रत्येक शिकायत के समाधान की व्यक्तिगत निगरानी शामिल रही है।

नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए निगमायुक्त श्री अहिरवार ने कहा कि नागरिकों का विश्वास ही प्रशासन की सबसे बड़ी पूंजी है। भविष्य में भी शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण कर नगर निगम जनसेवा की इसी परंपरा को और अधिक सशक्त बनाएगा।

लगातार नौवीं बार प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि जब नेतृत्व संवेदनशील, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी हो, तो प्रशासनिक व्यवस्था उत्कृष्टता का नया कीर्तिमान स्थापित करती है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment