जबलपुर में देह व्यापार का भंडाफोड़, संचालिका समेत 6 आरोपी गिरफ्तार
सुहागी के मकान में चल रहा था अनैतिक कारोबार, पुलिस की योजनाबद्ध दबिश में खुला राज
जबलपुर। शहर के अधारताल थाना क्षेत्र स्थित सुहागी की सरस्वती कॉलोनी, पन्नी मोहल्ला में संचालित किए जा रहे अनैतिक देह व्यापार के अड्डे का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए संचालिका सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल एवं आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि निमेष विनोदिया के मकान में अवैध रूप से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनु बेनिवाल के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक पंटर को दो ₹500 के नोट देकर मौके पर भेजा। सौदा तय होने के बाद पंटर के इशारे पर पुलिस टीम ने मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान एक महिला ग्राहक के साथ संदिग्ध अवस्था में मिली। पूछताछ में उसने बताया कि आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर उससे देह व्यापार कराया जाता था और प्रति ग्राहक ₹1,000 में सौदा तय होता था, जिसमें ₹500 उसे तथा ₹500 संचालिका मंजू निखर रखती थी। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके पति को सब कुछ बताने की धमकी दी जाती थी।
जांच में सामने आया कि मकान में ग्राहकों के लिए कमरे उपलब्ध कराकर अवैध रूप से धन कमाया जा रहा था। तलाशी के दौरान कंडोम, नारियल तेल, नगदी, मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस ने मंजू निखर, मुकेश निखर, आरूष निखर, अभय सिंह उर्फ चिंटू, संजय चौरसिया एवं सुबोध सिंह को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहर में अनैतिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।










