रांझी तहसील में राजस्व व्यवस्था पर सवाल: सूत्रों के अनुसार पटवारी को बनाया प्रभारी आरआई, EOW के पत्र पर चार माह से कार्रवाई नहीं

---Advertisement---

महत्वपूर्ण तहसील में अनुभवी राजस्व निरीक्षक की मांग तेज, भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत की जांच लंबित होने के आरोप।

जबलपुर। जबलपुर की महत्वपूर्ण राजस्व तहसीलों में शामिल रांझी तहसील एक बार फिर चर्चाओं में है। सूत्रों के अनुसार, रांझी तहसील में एक पटवारी को प्रभारी राजस्व निरीक्षक (आरआई) का दायित्व सौंपा गया है। इस नियुक्ति को लेकर राजस्व विभाग के जानकारों और स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि इतनी महत्वपूर्ण तहसील में अनुभवी एवं योग्य राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति होना अधिक उचित होता, जिससे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और अन्य राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित हो सके।

इसी बीच रांझी तहसील के तत्कालीन राजस्व निरीक्षक से जुड़ी एक शिकायत भी चर्चा का विषय बनी हुई है। आरोप है कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने 10 मार्च 2026 को जबलपुर कलेक्टर को पत्र भेजकर तत्कालीन राजस्व निरीक्षक के विरुद्ध प्राप्त भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत की जांच कराने का अनुरोध किया था। बताया जा रहा है कि उक्त पत्र पर अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है और मामला लगभग चार माह से लंबित है।

मामले को लेकर लोगों का कहना है कि जब छतरपुर में रिश्वत लेने का वीडियो सामने आने के बाद संबंधित राजस्व निरीक्षक पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई, तब जबलपुर में EOW के पत्र पर जांच में देरी कई सवाल खड़े कर रही है।

स्थानीय नागरिकों और राजस्व मामलों से जुड़े लोगों ने कलेक्टर जबलपुर से मांग की है कि EOW द्वारा भेजे गए पत्र पर तत्काल निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही रांझी तहसील में स्थायी रूप से अनुभवी एवं योग्य राजस्व निरीक्षक की नियुक्ति कर आम नागरिकों को बेहतर राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment