राष्ट्रीय कराटे चैंपियनशिप में नर्मदापुरम की बेटी अंशिका सल्लाम का दमदार प्रदर्शन, कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान

---Advertisement---

नर्मदापुरम। उत्तराखंड के देहरादून में कराटे इंडिया ऑर्गनाइजेशन (KIO) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर, जूनियर एवं कैडेट कराटे चैंपियनशिप-2026 में नर्मदापुरम की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अंशिका सल्लाम ने कांस्य पदक जीतकर जिले और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।

 

आर्मी ऑफिसर अनिल सल्लाम की पुत्री अंशिका ने देशभर से आए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपना दमखम साबित किया। उनकी इस सफलता ने यह संदेश दिया है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

 

देहरादून के मल्टीपर्पज हॉल, परेड ग्राउंड में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में नर्मदापुरम जिले से काशवी साहू, अंशिका सल्लाम, लाविका भीलाला और मोहिनी मल्हाड़े ने भाग लिया। इन खिलाड़ियों ने पूर्व में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में अपना स्थान बनाया था।

 

अंशिका की इस उपलब्धि पर कोच, खेल प्रेमियों और जिलेवासियों ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। जयस प्रभारी अखिलेश इरपाचे ने भी अंशिका सल्लाम को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह बढ़ाएगी।

 

अंशिका सल्लाम का यह कांस्य पदक न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि नर्मदापुरम जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं और बेटियों की बढ़ती उपलब्धियों का भी प्रतीक है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment