मानसून से निपटने नगर निगम कटनी पूरी तरह अलर्ट, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां

---Advertisement---

मानसून से निपटने नगर निगम कटनी पूरी तरह अलर्ट, निगमायुक्त तपस्या परिहार ने अधिकारियों को सौंपी अहम जिम्मेदारियां

 

कटनी। आगामी मानसून और संभावित अतिवृष्टि के मद्देनजर नगर निगम कटनी ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने वर्षाकाल के दौरान बाढ़, जलभराव और अन्य आपदा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए विस्तृत कार्ययोजना लागू कर दी है।

 

निगमायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया को बाढ़ नियंत्रण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं सुधीर मिश्रा को वार्ड 1 से 15, अंशुमान सिंह को वार्ड 16 से 30 तथा राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक को वार्ड 31 से 45 तक सहायक बाढ़ नियंत्रण अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

 

24 घंटे सक्रिय रहेगा बाढ़ नियंत्रण कक्ष

 

नगर निगम ने मानसून के दौरान त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष बाढ़ नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी, वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित सूचना, राहत सामग्री का भंडारण, स्थानीय गोताखोरों की सूची तैयार करने और सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करने की व्यवस्था की जाएगी।

 

जलभराव और राहत कार्यों के लिए अलग-अलग टीमें

 

भवन अनुज्ञा शाखा, अतिक्रमण शाखा और समयपालों की संयुक्त टीम को जर्जर भवनों की पहचान, खतरनाक भवनों पर कार्रवाई, ऊंची इमारतों में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) लगाने, नदी घाटों पर बैरिकेडिंग तथा दुर्घटना की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

इसके अलावा राहत शिविरों का चिन्हांकन, निचली बस्तियों में विशेष सतर्कता, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की मरम्मत, सड़कों की निगरानी तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।

 

सफाई, फायर ब्रिगेड और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर

 

स्वास्थ्य विभाग को सभी नालों, नालियों, स्टॉर्म वॉटर ड्रेन और सीवरेज की सफाई, जलभराव वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, मृत पशुओं का तत्काल उठाव तथा 24 घंटे सफाई अमला उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

फायर ब्रिगेड की सभी गाड़ियों को हर समय चालू हालत में रखने, आपदा के समय तुरंत राहत कार्य शुरू करने और सर्च लाइट, जनरेटर, मोटर पंप एवं अन्य उपकरण तैयार रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

 

राहत सामग्री और सुरक्षा उपकरण रहेंगे उपलब्ध

 

नगर निगम ने नाव, लाइफ जैकेट, रस्सियां, रेनकोट, लॉन्ग बूट, हेलमेट, टॉर्च, फावड़ा, सब्बल, कुल्हाड़ी, रिंग ट्यूब सहित अन्य राहत एवं बचाव सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जरूरत पड़ने पर राहत शिविरों में भोजन और पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

 

कमजोर होर्डिंग्स और खुले बोरवेल पर होगी कार्रवाई

 

राजस्व अधिकारी को पुराने, जर्जर और कमजोर होर्डिंग्स, यूनिपोल एवं गैंट्री की जांच कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं खुले बोरवेल बंद कराने, नदी घाटों पर चेतावनी बोर्ड लगाने और वर्षाकाल में सुरक्षित पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

 

निगमायुक्त ने दिए सतर्कता के निर्देश

 

निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि मानसून के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य कर नागरिकों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। नगर निगम का उद्देश्य पूरे वर्षाकाल में प्रभावी आपदा प्रबंधन व्यवस्था बनाए रखना है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment