जबलपुर। नगर पालिक निगम आयुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशन में स्वच्छ भारत मिशन 2.0 एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शहर के सफाई मित्रों के सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी कल्याण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य है कि शहर को स्वच्छ रखने वाले प्रत्येक सफाई मित्र तक केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे।
आयुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पात्र सफाई मित्रों का अधिकतम पंजीयन सुनिश्चित कर उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, ताकि उनका जीवन अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर बन सके।
सफाई मित्रों को नमस्ते (NAMASTE) योजना, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी वित्त एवं विकास निगम (NSKFDC) योजना तथा ईएसआई योजना सहित कुल 11 महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
इन योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा, दुर्घटना एवं जीवन बीमा, पेंशन, स्वरोजगार, आवास, बैंकिंग सुविधाएं, कौशल प्रशिक्षण और सामाजिक सुरक्षा जैसी अनेक सुविधाएं सफाई मित्रों तक पहुंचाई जा रही हैं।
नगर निगम ने पात्र हितग्राहियों से अपील की है कि वे आवेदन के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, बैंक पासबुक एवं पासपोर्ट आकार का फोटो तैयार रखें। अधिक जानकारी के लिए नगर निगम कंट्रोल रूम 0761-2637500 पर संपर्क किया जा सकता है।
आयुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि नगर निगम के सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनका सम्मान, सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य के साथ सभी पात्र सफाई मित्रों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।









