दमोह : हटा में विद्युत विभाग का सहायक यंत्री 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, प्रदेशभर में लगातार हो रही लोकायुक्त कार्रवाईयों से भ्रष्ट अधिकारियों में बढ़ी बेचैनी।
हटा (दमोह)। लोकायुक्त सागर की टीम ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विद्युत विभाग के एक सहायक यंत्री (एई) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद विभाग सहित प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार हटा निवासी इंद्र कुमार पटेल ने लोकायुक्त सागर से शिकायत की थी कि विद्युत विभाग का सहायक यंत्री उनके बिजली मीटर के संबंध में कार्रवाई नहीं करने के एवज में 7 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
गुरुवार को आरोपी सहायक यंत्री को 2 हजार रुपये की पहली किस्त लेते समय लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई लोकायुक्त सागर की टीम द्वारा रंजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रदेश में लगातार हो रही लोकायुक्त की कार्रवाईयों ने सरकारी विभागों में खलबली मचा दी है। हाल के दिनों में विभिन्न जिलों में हुए ट्रैप मामलों के बाद भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि जांच एजेंसियां अब अन्य विभागों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर बनाए हुए हैं।
इधर, आसपास के शहरों में लोकायुक्त की लगातार कार्रवाईयों के बाद जबलपुर के प्रशासनिक महकमे में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विशेष रूप से नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी लोकायुक्त की सक्रियता पर नजर बनाए हुए हैं। हालांकि जबलपुर में किसी संभावित कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासनिक गलियारों में चर्चाएं गर्म हैं।
आम नागरिकों ने लोकायुक्त की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसे अभियान लगातार चलाए जाने चाहिए, ताकि सरकारी कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।










