जबलपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित जबलपुर प्रवास की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। कार्यक्रम स्थलों के निरीक्षण के लिए कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय सहित जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने-अपने सरकारी वाहनों के बजाय ट्रैवलर वाहनों का उपयोग किया।
दो ट्रैवलर वाहनों में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी एक साथ कार्यक्रम स्थलों पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
एक साथ ट्रैवलर में पहुंचकर अधिकारियों ने न केवल बेहतर समन्वय का परिचय दिया, बल्कि संसाधनों के प्रभावी उपयोग और सादगी का संदेश भी दिया। प्रशासन का उद्देश्य राष्ट्रपति के प्रस्तावित प्रवास को लेकर सभी व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित बनाना है।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन एवं नगर निगम सहित सभी विभागों द्वारा युद्धस्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।










