जबलपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को नगर निगम की स्वच्छता टीमों ने शहर के सभी 16 संभागों में एक साथ औचक निरीक्षण अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने, डस्टबिन का उपयोग नहीं करने तथा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वाले 47 लोगों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 32 हजार 400 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क, बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों की टीमों ने मुख्य बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया।
इस दौरान उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी सुश्री अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, धर्मेन्द्र राज, पोला राव सहित सभी मुख्य स्वच्छता निरीक्षक एवं स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित रहे।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि जबलपुर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य सफल हो सके।










