वर्षा पूर्व तैयारियों को लेकर नगर निगम अलर्ट, नाला-नालियों की सफाई व्यवस्था पर निगमायुक्त के सख्त निर्देश
जबलपुर। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नगर निगम प्रशासन पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ मैदान में उतर चुका है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सुबह से ही संभाग क्रमांक 1 गढ़ा अंतर्गत आने वाले विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर वर्षा पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नालों और नालियों की सफाई व्यवस्था को बारीकी से परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक सकारात्मक और अनुकरणीय तस्वीर भी देखने को मिली, जब निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार, अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान और अशफाक परवेज कुरैशी एक ही पूल वाहन में बैठकर वार्डों का भ्रमण करते नजर आए। संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और प्रशासनिक समन्वय की यह पहल नगर निगम में चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे न केवल शासकीय संसाधनों की बचत हो रही है, बल्कि अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल का संदेश भी सामने आया है।
निगमायुक्त ने गढ़ा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में जाकर जल निकासी व्यवस्था का निरीक्षण किया और स्वास्थ्य विभाग के अमले को निर्देशित किया कि सभी छोटे-बड़े नालों एवं नालियों की सफाई समय सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वर्षाकाल में जलभराव की समस्या किसी भी स्थिति में सामने नहीं आनी चाहिए और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद जीतू कटारे भी मौजूद रहे। उन्होंने स्थानीय समस्याओं और नागरिकों की आवश्यकताओं से अधिकारियों को अवगत कराया। स्थानीय लोगों ने भी नगर निगम प्रशासन की इस सक्रियता की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस बार बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।
नगर निगम की यह तत्परता साफ संकेत दे रही है कि मानसून आने से पहले शहर की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य कर रहा है।










