दिल्ली में गूंजा जबलपुर मॉडल, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की सफलता पर राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
जबलपुर। स्वच्छता और सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में नगर निगम जबलपुर ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली में आयोजित “नेशनल रिव्यू ऑफ स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0” की उच्च स्तरीय बैठक में जबलपुर के वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के सफल री-स्टार्ट मॉडल की विशेष सराहना की गई।
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में देशभर के राज्यों के प्रमुख सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। मध्यप्रदेश शासन की ओर से अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने वेस्ट टू एनर्जी प्लांट के पुनर्संचालन पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण देते हुए बताया कि किस प्रकार अपरिहार्य कारणों से बंद पड़े प्लांट को पुनर्जीवित कर देश के अन्य नगरीय निकायों के लिए रोल मॉडल बनाया गया।
प्रस्तुति में बताया गया कि प्लांट बंद रहने के दौरान समय का सदुपयोग करते हुए मशीनरी का गहन मेंटेनेंस और ओवरहालिंग कार्य कराया गया। वहीं जमा कचरे को ट्रॉमल और बैलिस्टिक सेपरेटर मशीनों की मदद से वैज्ञानिक तरीके से अलग-अलग कर उसका प्रसंस्करण किया गया। तकनीकी सुधारों के बाद जब प्लांट को दोबारा पूर्ण क्षमता के साथ शुरू किया गया तो मात्र तीन महीनों में संचित कचरे का शत-प्रतिशत प्रसंस्करण सफलतापूर्वक कर लिया गया।
नगर निगम द्वारा तैयार किए गए तीन स्तरीय सुरक्षा चक्र को भी बैठक में सराहा गया। इसमें मशीनों की नियमित जांच, संचालन की सतत मॉनिटरिंग तथा तकनीकी टीम और हितधारकों के बीच मजबूत समन्वय को प्रमुख आधार बताया गया। वर्तमान में प्लांट से निरंतर क्लीन एनर्जी के रूप में बिजली उत्पादन किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों ने जबलपुर मॉडल को भविष्य के लिए प्रेरणादायी बताया। विशेषज्ञों के अनुसार, कचरा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन की दिशा में जबलपुर नगर निगम का यह मॉडल देश के उन शहरों के लिए मार्गदर्शक साबित होगा, जो वेस्ट टू एनर्जी प्लांट संचालन की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
दिल्ली में गूंजा जबलपुर मॉडल, वेस्ट टू एनर्जी प्लांट की सफलता पर राष्ट्रीय स्तर पर सराहना
Published On: May 19, 2026 10:19 pm

---Advertisement---









