जबलपुर। प्रशासनिक कार्यशैली में सादगी, संवेदनशीलता और जनहित का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार एवं अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान ने एक ही वाहन से शहर के विभिन्न संभागों का निरीक्षण कर ईंधन संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा का प्रेरणादायी संदेश दिया। अधिकारियों की यह पहल न केवल प्रशासनिक अनुशासन का परिचायक बनी, बल्कि आमजन के बीच सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिकता का संदेश भी छोड़ गई।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के कुशल मार्गदर्शन में स्वच्छता एवं संभागीय टीम द्वारा भी “पूल वाहन व्यवस्था” अपनाई जा रही है, जिससे अनावश्यक ईंधन व्यय में कमी आने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन को नियंत्रित करने की दिशा में सार्थक प्रयास हो रहे हैं। प्रशासन की यह कार्यप्रणाली “कम संसाधनों में अधिक प्रभाव” की सोच को साकार करती दिखाई दी।
भांतलैया, अधारताल और सुहागी संभाग का किया सघन निरीक्षण
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने भांतलैया, अधारताल एवं सुहागी संभाग के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, जनसुविधाओं और नागरिक सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं संतोषजनक एवं सुव्यवस्थित पाई गईं। स्थानीय नागरिकों ने भी अधिकारियों की सक्रियता और जमीनी कार्यशैली की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की।
मंडी मदार टेकरी क्षेत्र में स्वयं खड़े होकर कराई सफाई
निरीक्षण के दौरान मंडी मदार टेकरी क्षेत्र में कुछ स्थानों पर गंदगी दिखाई देने पर निगमायुक्त ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर ही सफाई कर्मचारियों से झाड़ू लगवाकर पूरे क्षेत्र की सफाई सुनिश्चित कराई। अधिकारियों की यह कार्यशैली यह दर्शाती है कि प्रशासन केवल निर्देश देने तक सीमित नहीं, बल्कि स्वयं मैदान में उतरकर कार्य संस्कृति को मजबूत करने में विश्वास रखता है।
इस अवसर पर निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासनिक प्रतिबद्धता के साथ जनभागीदारी भी अत्यंत आवश्यक है।
गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान सड़क पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों पर तत्काल ₹500 का जुर्माना लगाया गया। साथ ही व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे अपनी दुकानों के बाहर डस्टबिन रखें तथा कचरा सड़क पर न फेंकें। भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर और अधिक कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
आयुक्त की कार्यशैली बनी प्रेरणा
नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार की संवेदनशील, अनुशासित और दूरदर्शी कार्यशैली लगातार शहरवासियों के बीच विश्वास मजबूत कर रही है। एक ओर वे स्वच्छता, जनसुविधाओं और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों की बचत जैसे विषयों पर भी व्यवहारिक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं। उनकी कार्यप्रणाली यह सिद्ध करती है कि प्रभावी नेतृत्व केवल आदेशों से नहीं, बल्कि स्वयं उदाहरण बनकर आगे बढ़ने से स्थापित होता है।










