‘बिना सिफारिश, बिना खर्चे के नौकरी’—कांस्टेबल नव नियुक्ति समारोह में अमित शाह

---Advertisement---

जयपुर | राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में आयोजित कांस्टेबल नव नियुक्ति समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से ही कोई राज्य आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पेपरलीक जैसी गंभीर समस्या पर प्रभावी रोक लगाकर युवाओं को ‘बिना सिफारिश और बिना खर्चे’ के नौकरी देने की व्यवस्था स्थापित की है।

अमित शाह ने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था विकास की आधारशिला है। राजस्थान पुलिस को उन्होंने देश के अग्रणी पुलिस बलों में शामिल बताते हुए नव नियुक्त कांस्टेबलों से अनुशासन, प्रशिक्षण और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों में 2,500 से अधिक महिलाओं की भागीदारी को महिला सशक्तिकरण की दिशा में अहम कदम बताया।

केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य में कुल अपराधों, गंभीर अपराधों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। साथ ही एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, 112 सेवा, सीसीटीएनएस और साइबर अपराध नियंत्रण जैसे कदमों से पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाया गया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा और न्याय प्रणाली को नई मजबूती मिली है। उन्होंने नव नियुक्त जवानों से नए कानूनों की भावना के अनुरूप सजग, सक्षम और तत्पर रहकर कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में 8,000 से अधिक नव नियुक्त कांस्टेबलों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment