( उजला दर्पण अंकित सेन स्टेट हेड मध्य प्रदेश )
जबलपुर संभागायुक्त श्री धनंजय सिंह ने बालाघाट प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के विकास कार्यो की समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिये। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एपीसी की बैठक में जिले के लिए निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। शासन की योजनाओ का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए और सभी पात्र लोगो तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। जिला एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारी अपने क्षेत्र में सतत भ्रमण करें एवं अपने विभागीय कार्यो की प्रभावी रूप से मॉनिटरिंग करें।
संभागायुक्त श्री सिंह ने कृषि विभाग के कार्यो की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारी समन्वय कर कृषकों को फर्टिलाइजर की सतत आपूर्ति सुनिश्चित करावें। गुणवत्ताहीन कीटनाशक एवं बीजों के विक्रय की स्थिति में आवश्यकता अनुसार वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जावे ताकि किसी भी दशा में गुणवत्ताहीन उर्वरक, बीज, कीटनाशक आदि का विक्रय न हो सके। किसानों को खाद-बीज की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित की जाए एवं पराली प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने के लिए क्लस्टर बनाकर कार्य किये जाए। उद्यानिकी विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिले की जलवायु के अनुरूप सब्जियों, फलों एवं फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये गए। समीक्षा के दौरान संयुक्त संचालक उद्यानिकी द्वारा बताया कि श्री क्षितिज करहाडे प्रभारी सहायक संचालक उद्यान द्वारा विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति न किए जाने एवं लापरवाही किए जाने से संबंधित को नोटिस जारी किया गया है, इस पर संभाग आयुक्त द्वारा श्री क्षितिज करहाडे, प्रभारी सहायक संचालक उद्यान के विरुद्ध कलेक्टर के माध्यम से विभागीय कार्रवाई हेतु प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान टीकाकरण एवं अन्य विभागीय कार्य बिंदुओं में बिरसा विकासखंड के बीपीएम की प्रगति संतोषजनक नहीं पाये जाने पर संभागायुक्त द्वारा संयुक्त संचालक स्वास्थ्य को संबंधित के विरूद्ध विभागीय कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
संभागायुक्त श्री सिंह ने बालाघाट जिले में दुग्ध संकलन को बढ़ाए जाने के लिए नए मिल्क रूटों का चिन्हांकन एवं अधोसंरचना हेतु कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिये। इसके लिए उन्होंने पशुपालन विभाग की कामधेनु योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पशुपालको को दुधारू पशु उपलब्ध कराने और नए मिल्क रूट तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप संचालक पशु पालन द्वारा बताया गया कि वर्तमान में जिले में नए मिल्क रूट तैयार किये गए है और बैहर विकास खंड में चिलिंग प्लांट भी शुरू किया जा रहा है।
मत्स्यपालन में अधिक उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने जिले में वैज्ञानिक तरीके से बायो फ्लॉक, आरएएस एवं केज कल्चर के अधिक से अधिक कार्य कराने के निर्देश दिए। प्रभारी उप संचालक मत्स्य द्वारा बताया गया कि धरती आबा योजना अंतर्गत विकासखण्ड लाँझी के खराड़ी जलाशय में आधुनिक टैक्नोलॉजी से 72 केज में मत्स्य पालन का कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर ने बताया कि जिले में लगभग 10 हज़ार से अधिक मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए गए जो प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। इस पर संभागायुक्त द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई।
संभागायुक्त श्री सिंह ने स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियो को निर्देशित किया कि डीएलसीसी की बैठक में योजनाओं की लक्ष्य पूर्ति के लिए बैंक अधिकारियों से समन्वय कर शत प्रतिशत ऋण वितरण कराना सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत शिविर लगाकर युवाओं को ऋण वितरण किया जाए। इन्वेस्टर्स मीट में किये गए अनुबंध के अनुसार ईकाईयों की शीघ्र स्थापना हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए। संभागीय उपायुक्त जनजातीय द्वारा बताया गया कि संभाग में संचालित सभी छात्रावासों का परख एप्प के माध्यम से निरीक्षण किया जा रहा है, इसी अनुक्रम में बालाघाट जिले के सभी छात्रावासों का परख एप्प के माध्यम से निरीक्षण की कार्यवाही पूर्ण करायी जा चुकी है। संभागायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि परख के माध्यम से निरीक्षण की कार्यवाही सतत जारी रखी जावे एवं स्कूल कॉलेजों के छात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति का समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। अधीक्षण यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि नलजल योजनाओं के लंबित कार्यों को समय सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।
समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने कहा कि किसानों से खरीदे गए धान का त्वरित परिवहन कर गोदामों में पहुंचाया जाए और किसानों के भुगतान समय पर किए जाने हेतु विशेष ध्यान दिया जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री मृणाल मीना ने बताया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए जिले के सभी खरीदी केंद्रो पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जीएस धुर्वे सहित सभी संबंधित संभागीय एवं जिला अधिकारी उपस्थित थे।











