परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर, दो चरणों में चलाया जा रहा जागरूकता और सेवा वितरण कार्यक्रम
जयपुर, 26 नवंबर। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जयपुर जिले में पुरुष नसबंदी पखवाड़ा 2025 का संचालन शुरू कर दिया गया है। यह विशेष अभियान दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहला चरण 21 से 27 नवंबर तक मोबिलाइजेशन सप्ताह के रूप में और दूसरा चरण 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक सेवा वितरण सप्ताह के रूप में मनाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य प्रजनन स्वास्थ्य सुधारना और परिवार नियोजन में पुरुषों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रथम डॉ. रवि शेखावत और द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि यह पखवाड़ा “स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार पुरुष सहभागिता से ही होगा यह सपना साकार” थीम पर आधारित है। मोबिलाइजेशन सप्ताह में पुरुष नसबंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, जिससे जनसंख्या स्थिरीकरण में पुरुषों की महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया जा सके।
स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा घर-घर पहुंचकर जागरूकता अभियान
उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) द्वितीय डॉ. सौरभ आर्य और प्रथम कार्यवाहक उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कराड़िया ने बताया कि पहले चरण में—
-
स्वास्थ्य कार्यकर्ता,
-
आशा सहयोगिनियां,
-
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता
अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर परिवार नियोजन, पुरुष नसबंदी की प्रक्रिया, सीमित परिवार के लाभ, प्रसवोत्तर व गर्भपात पश्चात् परिवार कल्याण सेवाएं, विवाह की सही आयु, दो बच्चों के बीच अंतर तथा अन्य उपलब्ध साधनों के बारे में विस्तृत जानकारी दे रहे हैं।
साथ ही, पुरुष नसबंदी से जुड़ी गलतफहमियों और मिथकों को दूर करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सेवा वितरण सप्ताह में राजकीय चिकित्सालयों में लगेगी विशेष शिविरों की श्रृंखला
पखवाड़े के दूसरे चरण सेवा वितरण सप्ताह के दौरान जिले के निर्धारित राजकीय चिकित्सालयों में—
-
पुरुष नसबंदी शिविर
-
परामर्श सेवाएं
-
परिवार नियोजन साधनों की उपलब्धता
सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि पुरुषों की सहभागिता बढ़ाकर जनसंख्या स्थिरीकरण के लक्ष्य को व्यवहारिक रूप से आगे बढ़ाया जा सके।










