पीएम श्री रानी लक्ष्मीबाई स्कूल और ग्रंथालय के सामने गंदगी का अंबार, बच्चों की सेहत पर मंडरा रहा खतरा

---Advertisement---

जबलपुर। सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड अंतर्गत जोन क्रमांक-5 में स्थित पीएम श्री रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के मुख्य द्वार एवं समीप स्थित सार्वजनिक ग्रंथालय के सामने गंदगी और अव्यवस्था का गंभीर मामला सामने आया है। क्षेत्र में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, वहीं हाल ही में हुई बारिश के कारण कचरा सड़ने लगा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।

स्कूल और ग्रंथालय ऐसे स्थान हैं जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे एवं विद्यार्थी आते-जाते हैं। इसके बावजूद परिसर के आसपास उगी घनी घास, झाड़-झंखाड़ और घरपतवार स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि झाड़ियों में सांप, बिच्छू तथा अन्य विषैले जीव-जंतुओं के छिपे होने की आशंका बनी रहती है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।

सूत्रों के अनुसार यह क्षेत्र नगर निगम के जोन क्रमांक-5 के अंतर्गत आता है। ऐसे में सवाल उठता है कि संबंधित स्वच्छता निरीक्षकों और अधिकारियों को यह स्थिति क्यों दिखाई नहीं दे रही। विद्यालय और ग्रंथालय जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों के सामने फैली गंदगी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रही है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि वार्ड के जनप्रतिनिधियों सहित नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर सफाई अभियान चलाना चाहिए, ताकि बच्चों और नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

स्कूल एवं ग्रंथालय परिसर के आसपास जमा कचरे, झाड़ियों और घरपतवार की तत्काल सफाई कराई जाए तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment