जयपुर, — भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर मंगलवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में विचार गोष्ठी और पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित कई विधायक, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डोटासरा ने कहा कि राजीव गांधी ने देश के युवाओं को 18 वर्ष की उम्र में मताधिकार दिलाकर लोकतंत्र को मजबूत किया। उन्होंने सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में जो क्रांति शुरू की, उसी की वजह से आज भारत डिजिटल इंडिया बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने पंचायती राज को सशक्त किया, जिससे विकास की योजनाएं सीधे ग्राम पंचायतों तक पहुंच सकीं।
डोटासरा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं को सिर्फ वादे दिए, लेकिन रोजगार, महंगाई और शिक्षा के मोर्चे पर कोई ठोस काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने युवाओं के हितों पर कुठाराघात किया है।
राजस्थान सरकार पर निशाना साधते हुए डोटासरा ने कहा कि राज्य में वर्तमान में ‘पर्ची सरकार’ चल रही है। ऐसे मुख्यमंत्री को बैठा दिया गया है जिसे ना विधायक चुनकर लाए, ना ही जनता ने समर्थन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार एसआई भर्ती परीक्षा के मुद्दे पर निर्णय नहीं ले रही और कैबिनेट सब कमेटी जिम्मेदारी से भाग रही है।
डोटासरा ने दावा किया कि भाजपा ने चुनावों में पेपरलीक जैसे मुद्दे उठाए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद अब कोई जिम्मेदारी नहीं ली जा रही। उन्होंने चेताया कि यदि एसआई भर्ती परीक्षा पर समय रहते निर्णय नहीं हुआ, तो जनता ‘पर्ची’ बदलने में देर नहीं लगाएगी।
विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने भी राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्होंने जब देश में कंप्यूटर लाए, तो भाजपा ने विरोध किया था। लेकिन आज उसी कंप्यूटर क्रांति के चलते भारत के युवा वैश्विक मंचों पर छाए हुए हैं। उन्होंने बोफोर्स विवाद का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा ने उस समय इसे मुद्दा बनाया था, लेकिन कारगिल युद्ध में सेना ने बोफोर्स तोप का इस्तेमाल कर पाकिस्तान को जवाब दिया और सैनिकों ने ‘राजीव गांधी अमर रहें’ के नारे लगाए।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में राजीव गांधी को संवेदनशील और दूरदर्शी नेता बताया। उन्होंने कहा कि जब राजस्थान में अकाल पड़ा था, तब प्रधानमंत्री रहते हुए राजीव गांधी खुद गाड़ी चलाकर कई जिलों का दौरा करने पहुंचे थे। उन्होंने आम जनता से सीधे संवाद कर सरकारी योजनाओं की समीक्षा की और तुरंत राहत कार्यों के निर्देश दिए।
गहलोत ने कहा कि आज देश में संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा को तीन साल की सजा होने के बावजूद विधानसभा की सदस्यता अब तक निरस्त नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि आज की सरकारें कांग्रेस के नेताओं की नकल करती हैं, लेकिन उनके बलिदानों और संघर्षों को भुला देती हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर भाजपा के शासन में हो रही विफलताओं को उजागर करें।
डोटासरा ने घोषणा की कि कांग्रेस आने वाले एक महीने में प्रदेश के विभिन्न प्रकोष्ठों के माध्यम से तीन से चार संगोष्ठियों का आयोजन करेगी, जिनमें पार्टी के महान नेताओं के कार्यों और विचारों पर चर्चा होगी।











