पत्नी सरपंच, पति बना ‘सरपंच प्रतिनिधि’! ₹4 हजार की रिश्वत लेते EOW ने रंगे हाथों दबोचा
लोन के लिए NOC देने के बदले मांगी थी रिश्वत, दलौदा कृषि उपज मंडी के पास बिछाया गया जाल
मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के दलौदा में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। यहां महिला सरपंच के पति और सरपंच प्रतिनिधि अनिल कैथवास को ₹4 हजार की रिश्वत लेते EOW उज्जैन की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि बैंक लोन के लिए ग्राम पंचायत से NOC जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी।
NOC के बदले मांगे थे ₹4 हजार
जानकारी के मुताबिक दलौदा निवासी विक्रम सिंह को बैंक से लोन लेना था। लोन प्रक्रिया के लिए ग्राम पंचायत से NOC की जरूरत थी। आरोप है कि NOC देने के बदले सरपंच प्रतिनिधि अनिल कैथवास ने विक्रम सिंह से ₹4 हजार की रिश्वत मांगी।
रिश्वत देने के बजाय आवेदक ने इसकी शिकायत आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW), उज्जैन से कर दी।
शिकायत के बाद EOW ने बिछाया जाल
शिकायत मिलने के बाद EOW टीम ने मामले का सत्यापन किया। आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की कार्रवाई की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार विक्रम सिंह रिश्वत की रकम लेकर दलौदा कृषि उपज मंडी के पास पहुंचा।
जैसे ही अनिल कैथवास ने ₹4 हजार अपने हाथ में लिए, पहले से मौजूद EOW की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।
सरपंच कक्ष में भी जांच
कार्रवाई के बाद EOW की टीम दलौदा ग्राम पंचायत कार्यालय पहुंची। वहां सरकारी दस्तावेजों, रिकॉर्ड और वित्तीय लेन-देन से संबंधित जानकारी की जांच की जा रही है।
मामले में आगे की कार्रवाई और जांच जारी है।










