रीवा कलेक्टर की तहसीलदार को सख्त फटकार, बोले—“ज्यादा उड़ रहे हो तो जमीन पर उतार दूंगा”
जनसुनवाई में महिला की फरियाद सुनकर कलेक्टर ने तहसीलदार को फोन लगाया, राजस्व मामले में नियमानुसार समाधान और जांच के दिए निर्देश
रीवा। महसांव में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जमीन से जुड़ी समस्या लेकर पहुंची एक महिला अपनी परेशानी बताते-बताते भावुक हो गई और रोने लगी। महिला ने बताया कि उसे प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला है, लेकिन जमीन से जुड़े मामले में तहसील कार्यालय की कार्रवाई के चलते आवास निर्माण में परेशानी आ रही है।
महिला ने तहसील कार्यालय के लगातार चक्कर लगाने और प्रकरण में स्थगन लगाए जाने की शिकायत कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी से की। महिला की बात सुनने के बाद कलेक्टर ने मौके से ही गुढ़ तहसीलदार अरुण कुमार यादव को फोन लगाया और मामले की स्थिति के संबंध में जानकारी ली।
बातचीत के दौरान कलेक्टर ने तहसीलदार के रवैये पर नाराजगी जताई और महिला की समस्या का नियमानुसार समाधान करने तथा पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए। इसी दौरान कलेक्टर और तहसीलदार के बीच हुई बातचीत का वीडियो सामने आया है, जिसमें कलेक्टर की सख्त नाराजगी सुनाई दे रही है।
जनसुनवाई में मौजूद अन्य ग्रामीणों ने भी जमीन, नामांतरण और राजस्व से जुड़े मामलों की शिकायतें कलेक्टर के समक्ष रखीं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का नियमानुसार निराकरण करने के निर्देश दिए।










