जन विश्वास अभियान में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

---Advertisement---

जन विश्वास अभियान में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

श्रमोदय विद्यालय से लेकर आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र और छात्रावास तक किया निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर जानी व्यवस्थाएं

 

जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत बरगी विधानसभा क्षेत्र में रविवार को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न शैक्षणिक, स्वास्थ्य और महिला-बाल विकास संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बरगी विधायक श्री नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अलग-अलग संस्थानों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर, एसडीएम अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

श्रमोदय आवासीय विद्यालय मंगेली में छात्रों से किया संवाद

 

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने ग्राम मंगेली स्थित शासकीय श्रमोदय आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने विद्यालय की कक्षाओं और प्रयोगशाला का अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई एवं विद्यालय में संचालित गतिविधियों की जानकारी ली।

 

अधिकारियों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर जोर दिया। इसके बाद बालक छात्रावास का निरीक्षण कर मैस में भोजन व्यवस्था देखी गई। कलेक्टर ने दाल, चावल, आटा सहित भोजन सामग्री की उपलब्धता और गुणवत्ता की जानकारी ली। साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विद्यार्थियों से भी भोजन की गुणवत्ता एवं छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली गई।

 

डगडगा हाई स्कूल में विद्यार्थियों से रूबरू हुए अधिकारी

 

ग्राम डगडगा स्थित शासकीय हाई स्कूल पहुंचकर कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या तथा शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।

 

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने कक्षा में पहुंचकर विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान एवं पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे और उनकी शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

 

आंगनवाड़ी में बच्चों से सुनी कविता और एबीसीडी

 

अधिकारियों ने डगडगा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। बच्चों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक का पुष्प देकर स्वागत किया। कलेक्टर ने बच्चों के पंजीयन की जानकारी ली और उनसे कविता तथा एबीसीडी सुनकर बच्चों के सीखने के स्तर को समझने का प्रयास किया।

 

उन्होंने गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन तथा उन्हें मिलने वाले पोषण आहार की जानकारी ली। इस दौरान बच्चों को खाद्य सामग्री का वितरण भी किया गया।

 

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी

 

निरीक्षण दल ने डगडगा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।

 

कलेक्टर ने दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण, प्रतिदिन की ओपीडी, गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति जानी। संबंधित अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

 

परासिया आंगनवाड़ी में बच्चों का वजन भी तौला

 

इसके बाद बरगी विधायक नीरज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय और एसडीएम अभिषेक सिंह ने ग्राम पंचायत परासिया स्थित आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण किया।

 

कलेक्टर ने पंजीकृत बच्चों की संख्या, पोषण आहार और गर्भवती महिलाओं के एएनसी पंजीयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का वजन तौलकर उनकी स्थिति जानी और उन्हें दिए जा रहे दैनिक आहार के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

 

यशोदा माई की रसोई में देखी मध्यान्ह भोजन व्यवस्था

 

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने शासकीय शाला परासिया पहुंचकर यशोदा माई की रसोई का भी निरीक्षण किया। यहां स्कूली बच्चों के लिए तैयार किए जाने वाले भोजन की व्यवस्था देखी गई। अधिकारियों ने रसोई की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता और बच्चों को दिए जाने वाले भोजन के संबंध में जानकारी ली।

 

50 सीटर आदिवासी बालक छात्रावास के उपयोग पर मंथन

 

परासिया स्थित 50 सीटर आदिवासी बालक छात्रावास का भी निरीक्षण किया गया। वर्तमान में अनुपयोगी पड़े भवन और उसके कक्षों की स्थिति का जायजा लिया गया।

 

कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और अधिकारियों के साथ चर्चा कर भवन को आवश्यक सुधार के बाद किसी शासकीय संस्थान के उपयोग में लाने के संबंध में सुझाव लिए। पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी भवन के उपयोग को लेकर सुझाव दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्राप्त सुझावों के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

पशुपालक के घर पहुंचकर योजनाओं की दी जानकारी

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ग्राम चरगवां के पशुपालक दिलीप पटेल के घर भी पहुंचे। उन्होंने पशुपालन से संबंधित जानकारी ली और पशुपालक को शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया।

 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हुए इस निरीक्षण में अधिकारियों ने संस्थानों की जमीनी स्थिति को समझने के साथ बच्चों, ग्रामीणों और लाभार्थियों से सीधे संवाद किया। विभिन्न विभागों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार एवं जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

 

#JanVishwasAbhiyan2026 #JansamparkMP #Jabalpur

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment