🚧 शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली अस्थायी रूप से स्थगित
एनएच-45 के जबलपुर–हिरन नदी सेक्शन में शहपुरा आरओबी के एप्रोच के पुनर्निर्माण के चलते जनसुविधा के लिए NHAI का निर्णय
जबलपुर। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जनसुविधा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए एनएच-45 के जबलपुर–हिरन नदी सेक्शन स्थित शहपुरा टोल प्लाजा पर टोल वसूली को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देशानुसार 27 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शहपुरा टोल प्लाजा की सभी लेन, जिसमें ETC लेन भी शामिल है, टोल-मुक्त रहेंगी। इस दौरान किसी भी श्रेणी के वाहन से यूजर फीस नहीं ली जाएगी।
शहपुरा आरओबी के एप्रोच के क्षतिग्रस्त होने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से सामान्य यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। वर्तमान में मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन द्वारा आरओबी के एप्रोच के स्थायी पुनर्निर्माण का कार्य कराया जा रहा है।
यातायात व्यवस्था में बदलाव के कारण सड़क उपयोगकर्ताओं को हो रही असुविधा को देखते हुए NHAI ने फिलहाल टोल वसूली स्थगित करने का निर्णय लिया है।
टोल बंद, लेकिन व्यवस्थाएं रहेंगी चालू
टोल वसूली स्थगित रहने के दौरान भी शहपुरा टोल प्लाजा पर प्रकाश व्यवस्था, CCTV, ETC/ANPR/WIM सिस्टम, साइनेज और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का रखरखाव जारी रहेगा। वाहन चालकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
आरओबी के एप्रोच का पुनर्निर्माण पूरा होने तथा आवश्यक तकनीकी और सुरक्षा प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सामान्य यातायात बहाल किया जाएगा। इसके पश्चात नियमानुसार टोल वसूली पुनः शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
NHAI ने कहा है कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।
#NHAI #ShahpuraTollPlaza #Jabalpur #NH45 #JansamparkMP #JabalpurNews










