गंदा पानी नहीं, शुद्ध जल पहुंचे हर घर’— जल शुद्धिकरण से लेकर बैकअप सिस्टम तक की हुई गहन जांच
जबलपुर। शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम ने जल आपूर्ति व्यवस्था पर निगरानी और सख्त कर दी है। इसी क्रम में अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान ने भोंगाद्वार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का औचक निरीक्षण कर जल शुद्धिकरण और वितरण व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने रॉ-वॉटर पंपिंग, सेडिमेंटेशन, फिल्ट्रेशन और क्लोरीनेशन की पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया। साथ ही जल गुणवत्ता परीक्षण प्रयोगशाला का अवलोकन कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पानी की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और नियमित रूप से जल की जांच सुनिश्चित की जाए।
अपर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में निर्धारित समय पर पर्याप्त दबाव के साथ स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली कटौती अथवा तकनीकी खराबी जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए बैकअप सिस्टम हर समय पूरी तरह तैयार रखा जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भोंगाद्वार वाटर ट्रीटमेंट प्लांट शहर की पेयजल व्यवस्था की रीढ़ है। इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर निगम का लक्ष्य हर नागरिक तक सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है।
इस अवसर पर अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक यंत्री मनोज पटेल, अमजद खान मंसूरी, प्लांट प्रभारी शमीम खान, उपयंत्री हनुमंत राव, अमित मेहरा सहित नगर निगम के अधिकारी एवं तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।










