रतलाम में लोकायुक्त का बड़ा ट्रैप: 20 हजार की रिश्वत लेते डिप्टी रेंजर रंगेहाथ गिरफ्तार, 2 लाख से शुरू हुई थी सौदेबाजी
रतलाम। मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई के तहत रतलाम जिले के जावरा में वन विभाग के डिप्टी रेंजर कमल सिंह देवड़ा को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि खेत में रखी जलाऊ लकड़ी बेचने के मामले में प्रकरण दर्ज करने की धमकी देकर शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायतकर्ता रहीश खां, निवासी ग्राम शक्करखेड़ी ने 29 अक्टूबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक, उज्जैन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, डिप्टी रेंजर ने शुरुआत में 2 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में बातचीत के दौरान 65 हजार रुपये में सौदा तय होने की बात सामने आई।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद 30 अक्टूबर को लोकायुक्त ने 10 सदस्यीय ट्रैप टीम गठित की। योजना के तहत शिकायतकर्ता डिप्टी रेंजर के कार्यालय पहुंचा और जैसे ही उसने 20 हजार रुपये की पहली किस्त ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई शुक्रवार शाम करीब 6:45 बजे हुई।
इस कार्रवाई में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हिना डाबर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की इस कार्रवाई ने वन विभाग में हलचल मचा दी है।
#RatlamNews #LokayuktaTrap #JaoraNews #UjjainLokayukta #Corruption #MPNews #UjalaDarpan










