नवागत निगमायुक्त अग्रिम कुमार के निर्देशन में सड़कों की सफाई पर विशेष जोर, रोड स्वीपिंग मशीन से चमक रहीं शहर की सड़कें
स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय, धूल-मिट्टी और कचरे की सफाई के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान
जबलपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम जबलपुर द्वारा प्रमुख मार्गों एवं विभिन्न जोन-वार्डों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नवागत निगमायुक्त श्री अग्रिम कुमार के निर्देशन में शहर की सड़कों को स्वच्छ, सुंदर और धूलमुक्त बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के तहत मुख्य मार्गों, डिवाइडरों के किनारों तथा सड़क के अन्य हिस्सों में जमा मिट्टी, धूल और कचरे की सफाई के लिए अत्याधुनिक रोड स्वीपिंग मशीन का उपयोग किया जा रहा है। मशीनों के माध्यम से नियमित सफाई होने से सड़कों पर जमी धूल-मिट्टी को हटाने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।
स्वास्थ्य अधिकारी श्री अभिनव मिश्रा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरी सक्रियता एवं तत्परता के साथ मैदानी स्तर पर कार्य कर रही है। बढ़ते यातायात और व्यस्त सड़कों के बीच सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगम का अमला निरंतर प्रयासरत है। अभियान का उद्देश्य केवल सड़कों की सफाई तक सीमित नहीं, बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखना भी है।
निगम प्रशासन की इस पहल से शहर की सड़कों को स्वच्छ और व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, स्वच्छता अभियान को स्थायी रूप से सफल बनाने के लिए नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़कों एवं डिवाइडरों पर कचरा न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
स्वच्छता में जनभागीदारी से ही स्वच्छ, सुंदर और धूलमुक्त जबलपुर का संकल्प साकार हो सकेगा।










