खाकी के दम पर जमीन का सौदा? कटनी CSP पर गंभीर आरोप, FIR के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप
82 लाख की जमीन 18 लाख में हड़पने का आरोप, CSP कार्यालय सीज; पांच पुलिसकर्मी निलंबित
कटनी। कटनी में पुलिस की कथित दबंगई और जमीन के सौदे से जुड़ा मामला अब पुलिस मुख्यालय तक पहुंच गया है। मामले में CSP नेहा पच्चीसिया सहित तीन लोगों के खिलाफ कुठला थाने में FIR दर्ज की गई है। FIR के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर CSP कार्यालय को सीज किए जाने की बात सामने आई है। वहीं दो सब इंस्पेक्टर, रीडर, ड्राइवर और गनमैन सहित पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन की जानकारी है।
आरोप है कि हत्या के एक मामले में मुख्य आरोपी बताए जा रहे आकाश लोधी के पिता रमेश लोधी पर पुलिसिया दबाव बनाया गया। शिकायत के मुताबिक उन्हें कथित तौर पर दो दिन तक CSP आवास पर बैठाकर रखा गया और बाद में सरकारी वाहन से कन्हवारा ग्राम ले जाकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई।
82 लाख की जमीन, 18 लाख में सौदे का आरोप
मामले में आरोप लगाया गया है कि जिस जमीन का सौदा कराया गया, उसकी शासकीय गाइडलाइन के अनुसार न्यूनतम कीमत करीब 82 लाख 86 हजार रुपये थी, जबकि कथित तौर पर इसे महज 18 लाख रुपये में खरीद लिया गया। कुल जमीन की कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपये बताए जाने का भी दावा किया जा रहा है।
FIR के बाद तीन मुख्य आरोपी भूमिगत?
FIR दर्ज होने के बाद CSP समेत तीन मुख्य आरोपियों के कथित तौर पर सामने नहीं आने की बात कही जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग में भी हलचल तेज है। अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि जमीन की रजिस्ट्री किन परिस्थितियों में हुई, रकम का वास्तविक लेन-देन कितना था और पुलिस पद का कथित रूप से कितना इस्तेमाल किया गया।
PHQ की कार्रवाई से बढ़ी हलचल
CSP कार्यालय सीज किए जाने और पांच पुलिसकर्मियों के निलंबन की कार्रवाई ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। अब निगाहें जांच एजेंसी की कार्रवाई पर हैं कि कथित दबाव, जमीन की रजिस्ट्री और पुलिसकर्मियों की भूमिका के आरोपों की जांच किस निष्कर्ष तक पहुंचती है।
नोट: उपरोक्त तथ्य शिकायत, आरोप और FIR में सामने आई जानकारी के आधार पर हैं। आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।










