सात साल बाद नरसिंहपुर एनकाउंटर की सीबीआई जांच का रास्ता साफ, अब खुलेगी मुठभेड़ की परतें
राज्य सरकार ने राजपत्र अधिसूचना जारी कर दी सहमति, 2019 में विजय यादव और समीर खान की हुई थी मौत; परिजनों ने पुलिस कार्रवाई को बताया था फर्जी एनकाउंटर
भोपाल। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में वर्ष 2019 में हुई चर्चित पुलिस मुठभेड़ का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। करीब सात वर्ष बाद अब इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) करेगी। राज्य सरकार ने 4 नवंबर 2026 को राजपत्र में अधिसूचना जारी कर सीबीआई जांच के लिए औपचारिक सहमति प्रदान कर दी है। इससे लंबे समय से विवादों में रहे इस मामले की जांच का रास्ता साफ हो गया है।
यह मुठभेड़ नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र में हुई थी, जिसमें जबलपुर निवासी विजय यादव और समीर खान की मौत हो गई थी। दोनों वर्ष 2017 में जबलपुर में कांग्रेस नेता राजू मिश्रा और कक्कू पंजाबी की हत्या के मामले में वांछित बताए गए थे।
परिजनों ने उठाए थे पुलिस कार्रवाई पर सवाल
मुठभेड़ के बाद मृतकों के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए थे। उन्होंने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए तत्कालीन पुलिस अधिकारियों पर साजिश रचने के आरोप लगाए थे। इस संबंध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और सीबीआई को लिखित शिकायतें भी भेजी गई थीं।
2021 में हुई थी सीबीआई जांच की अनुशंसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने वर्ष 2021 में ही सीबीआई जांच की अनुशंसा कर दी थी। इससे पहले कराई गई मजिस्ट्रियल जांच में पुलिस की कार्रवाई को सही ठहराया गया था। हालांकि, परिजनों की शिकायतों और लगातार उठते सवालों के बीच अब राज्य सरकार की राजपत्र अधिसूचना के बाद सीबीआई जांच का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
अब सीबीआई जांच पर टिकी निगाहें
करीब सात साल पुराने इस मामले में अब सीबीआई की जांच से मुठभेड़ की परिस्थितियों, पुलिस की कार्रवाई और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच की उम्मीद है। जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










