स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सक्रिय, प्रातःकाल विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण
प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को नियमित निगरानी और बेहतर स्वच्छता के दिए निर्देश
भोपाल। नगर पालिक निगम भोपाल के आयुक्त श्री राम प्रकाश अहिरवार ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रातःकाल विभिन्न क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए मैदानी स्तर पर संचालित स्वच्छता गतिविधियों की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्रमुख मार्गों, व्यस्त बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़कों एवं बाजारों में कचरे का समय पर उठाव हो, कहीं भी कचरे के ढेर एकत्रित न होने पाएं तथा सफाई कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार निरंतर संचालित किए जाएं।
आयुक्त श्री अहिरवार ने कहा कि शहर की स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाना आवश्यक है। इसके लिए संबंधित अधिकारी अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की सतत निगरानी करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्वच्छता अमले को निर्देश दिए कि बाजारों एवं अधिक आवागमन वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण मिल सके। साथ ही अधिकारियों को मैदानी स्तर पर उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन करने के निर्देश दिए।
नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों में नागरिकों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया गया। स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण एवं निगरानी पर जोर दिया जा रहा है।










