निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, चौहानी मुक्तिधाम समेत मार्गों की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

---Advertisement---

निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, चौहानी मुक्तिधाम समेत मार्गों की व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

जबलपुर। शहर में स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने रविवार को गौरीघाट मार्ग से मेडिकल अस्पताल मार्ग तक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौहानी मुक्तिधाम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान गोरखपुर एसडीएम अनुराग सिंह, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा, उद्यान अधिकारी मनीष तड़से, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, सहायक यंत्री कविश मिश्रा, अर्पित नेमा, उपयंत्री सौरभ चौकसे और पटवारी नीरज सहित निगम एवं प्रशासनिक अमला मौजूद रहा।

पैदल भ्रमण कर देखीं व्यवस्थाएं

निगमायुक्त ने अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान मुख्य मार्गों, नालियों, सड़क डिवाइडरों और आसपास की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरे परिक्षेत्र का व्यवस्थित कायाकल्प करने और जिन स्थानों पर कमियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।

अवैध कब्जों और गंदगी पर सख्ती

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अस्थायी कब्जों को हटाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि दोबारा अतिक्रमण और गंदगी की स्थिति निर्मित न हो।

नालियों की सफाई और जलभराव पर फोकस

बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निपटने के लिए निगमायुक्त ने नालियों की नियमित एवं गहराई से सफाई कराने के निर्देश दिए। संभावित जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य कराने को कहा गया, ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

पौधरोपण के साथ पौधों की सुरक्षा पर जोर

निगमायुक्त ने उद्यान, लोक निर्माण और स्वास्थ्य शाखा के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए। क्षेत्र में हरियाली बढ़ाने के लिए नए पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।

समयसीमा में काम पूरा करने की हिदायत

निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को निर्धारित समयसीमा में दूर किया जाए। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने की हिदायत देते हुए संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

शहर की प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और मुक्तिधाम सहित आसपास के क्षेत्रों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम प्रशासन द्वारा किए जा रहे निरीक्षण को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment