15 दिनों में बदलेगी जबलपुर की सफाई व्यवस्था, निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अब बीट प्लान से लेकर 24 घंटे में शिकायतों के निराकरण तक होगी सख्त निगरानी
जबलपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त श्री अग्रिम कुमार ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी 15 दिनों के भीतर शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और मैदानी कार्यों में ठोस सुधार दिखाई देना चाहिए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा निर्धारित कर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयुक्त ने निर्देशित किया कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में निर्धारित बीट प्लान और चेकलिस्ट के अनुसार सफाई कार्य कराया जाए। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ कार्यों का भौतिक सत्यापन भी सुनिश्चित किया जाए, ताकि केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर भी सुधार दिखाई दे।
गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा स्पॉट फाइन
सार्वजनिक स्थानों पर बार-बार समझाइश देने के बावजूद गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध स्पॉट फाइन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम का उद्देश्य शहर में स्वच्छता के प्रति नागरिकों की जिम्मेदारी और सहभागिता बढ़ाना है।
सफाई मित्रों की सुरक्षा और वेतन पर विशेष जोर
आयुक्त ने सफाई मित्रों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए उनके कार्यस्थल पर सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का 24 घंटे में निराकरण
स्वच्छता से संबंधित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का 24 घंटे के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही इन-आउट कंप्लायंस, कार्यों के सत्यापन और अधिकारियों की जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया है।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में लापरवाही, कमजोर मॉनिटरिंग और निर्देशों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। आगामी 15 दिनों तक सफाई व्यवस्था की प्रगति पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
अब देखना यह होगा कि 15 दिनों की इस समय-सीमा में जबलपुर की सफाई व्यवस्था में कितना बदलाव धरातल पर नजर आता है।










