नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान ने पकड़ी रफ्तार

---Advertisement---

नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान ने पकड़ी रफ्तार

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर की मौजूदगी में जनसेवा से जनविश्वास तक पहुंचा अभियान

जबलपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत नगर निगम जबलपुर द्वारा पूर्व विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जनसेवा, जनसंवाद और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से व्यापक अभियान चलाया गया। नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व एवं सतत निगरानी में निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी वार्डों तक पहुंचे और नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना।

अभियान में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर सहित जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। वार्डों में पैदल भ्रमण कर नागरिकों की समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों को जाना गया तथा कई मामलों में मौके पर ही निराकरण की कार्रवाई की गई।

योजनाओं का लाभ और समस्याओं का समाधान एक साथ

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यही रही कि इसे केवल निरीक्षण अथवा औपचारिक जनसंवाद तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि जनता की समस्या सुनने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने का कार्य भी मौके पर किया गया।

पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत 125 हितग्राहियों के आवेदन पंजीकृत किए गए। इनमें से 20 हितग्राहियों को मौके पर ही 15-15 हजार रुपये की ऋण राशि प्रदान की गई।

व्यापारियों को सुविधाजनक एवं त्वरित सेवा देने के उद्देश्य से शिविर में 31 ट्रेड लाइसेंस जारी किए गए। साथ ही नए ट्रेड लाइसेंस बनाने एवं पुराने लाइसेंस के रिन्यूअल का कार्य भी जारी रहा।

बाजार विभाग की सक्रियता पर आयुक्त ने की सराहना

संत रविदास सामुदायिक भवन के बाहर आयोजित पीएम स्वनिधि जनसंवाद कार्यक्रम में हितग्राहियों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के बीच नगर निगम के बाजार विभाग का अलग स्टॉल लगाया गया था। यहां ट्रेड लाइसेंस रिन्यूअल, नए ट्रेड लाइसेंस बनाने और लाइसेंस वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी।

मौके पर चल रही त्वरित कार्यवाही को देखकर निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने बाजार विभाग की सक्रियता की सराहना की। विशेष रूप से बाजार अधीक्षक श्री राजेंद्र दुबे की मेहनत और तत्परता को देखकर आयुक्त ने आत्मीयता से कहा—

“दुबे जी, आप तो छा गए।”

आयुक्त की यह प्रशंसा उस कार्यशैली का सम्मान रही, जिसमें नागरिकों को सुविधा देने के लिए विभाग मौके पर ही सक्रिय होकर कार्य कर रहा था।

दिव्यांगजनों को मिला आत्मनिर्भरता का संबल

अभियान के दौरान दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में 31 हितग्राहियों को मोटराइज्ड स्कूटी एवं आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए।

संबल योजना के अंतर्गत 10 हितग्राहियों का नवीन पंजीयन किया गया, जबकि चार हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

स्वच्छता, पर्यावरण और जल संरक्षण पर भी जोर

अभियान के दौरान जनकल्याण के साथ जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी गई। तालाबों में सफाई श्रमदान किया गया तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।

नगर निगम द्वारा महज 24 घंटे में व्यवस्थित किए गए पार्क को 0 से 5 वर्ष के बच्चों तथा 60 से 70 वर्ष आयु वर्ग के नागरिकों के लिए समर्पित किया गया।

दीनदयाल रसोई में आयुक्त ने परखी भोजन की गुणवत्ता

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत दीनदयाल अंत्योदय रसोई केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर और निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने स्वयं भोजन ग्रहण कर रसोई की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

आयुक्त ने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, भोजन वितरण व्यवस्था और परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बाहर से आने वाले जरूरतमंद लोगों के ठहरने के लिए बनाए गए कक्षों का भी निरीक्षण किया गया। वहां उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का समन्वय

अभियान के दौरान महापौर, भाजपा नगर अध्यक्ष सहित निगम के विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी सक्रिय रहे। पार्षदों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाई।

निगम के अपर आयुक्त, उपायुक्त, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, संभागीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने वार्डों में भ्रमण कर नागरिकों से संवाद किया और प्राप्त समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं को नागरिकों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। जनता के बीच पहुंचकर उनकी बात सुनना और मौके पर समाधान की दिशा में कार्रवाई करना ही इस अभियान की वास्तविक भावना है।

वहीं निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों में तत्परता बरती जाए और प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, अधिकारियों की सक्रियता और निगमायुक्त की सतत निगरानी से मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान जबलपुर में जनसेवा को नई गति देता दिखाई दे रहा है।

जनता के द्वार तक सेवा,
समस्या के साथ समाधान,
और योजनाओं के साथ विश्वास—
यही है मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की पहचान।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment