दुकान के नामांतरण के लिए 5 हजार मांगे, 2 हजार लेते पटवारी गिरफ्तार
ईओडब्ल्यू की ट्रैप कार्रवाई, आधारताल तहसील के हल्का नंबर-2 में पदस्थ है आरोपी
जबलपुर। दुकान के नामांतरण के लिए रिश्वत मांगने की शिकायत पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर ने गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी की पहचान 34 वर्षीय पटवारी मनोज बघेल, पिता कुंवर लाल बघेल के रूप में हुई है, जो आधारताल तहसील के हल्का नंबर-2 में पदस्थ है।
ईओडब्ल्यू के अनुसार कटंगी निवासी शरद विश्वकर्मा ने शिकायत की थी कि उनकी मां राधा विश्वकर्मा ने ग्रीन सिटी, माढ़ोताल में एक दुकान खरीदी थी। दुकान के नामांतरण की प्रक्रिया के लिए पटवारी मनोज बघेल द्वारा कथित तौर पर 5 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। रिश्वत की मांग की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार 1 अक्टूबर को कृषि उपज मंडी, मनमोहन नगर स्थित गायत्री मंदिर के पास शिकायतकर्ता ने पटवारी को जैसे ही 2 हजार रुपए दिए, मौके पर मौजूद ईओडब्ल्यू टीम ने उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई। ईओडब्ल्यू ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।










