शहर को सुगम और व्यवस्थित बनाने नगर निगम की बड़ी पहल
प्रमुख चौराहों से हटाए अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था हुई सुगम
जबलपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर 29 सितंबर 2026 को शहर के प्रमुख यातायात मार्गों और व्यस्ततम चौराहों पर व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
अपर आयुक्त सौरव मिश्रा की उपस्थिति में हुई कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को जाम की समस्या से राहत दिलाना और चौराहों एवं सिग्नल जंक्शनों पर वाहनों की आवाजाही को बाधारहित बनाना रहा।
अभियान के दौरान तीन पत्ती चौराहा, मालवीय चौक, ब्लूम चौक, अधारताल चौक और गोहलपुर चौक सहित प्रमुख स्थानों पर यातायात में बाधक बन रहे अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। फुटपाथों और सड़क किनारे लगाए गए ठेले, स्टॉल तथा अन्य अस्थायी सामग्री को व्यवस्थित रूप से हटाने के साथ नियम विरुद्ध रखी सामग्री जब्त की गई।
कार्रवाई के बाद संबंधित क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ अधिक खुले दिखाई दिए, जिससे यातायात संचालन को सुगम बनाने में मदद मिली। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में अतिक्रमण अधिकारी कृष्ण पाल सिंह रावत, सहायक अतिक्रमण अधिकारी दीपेंद्र सिंह रावत, दल प्रभारी जे. प्रवीण, कुलदीप त्रिपाठी और अंकित पारस सहित पर्याप्त पुलिस बल की सक्रिय सहभागिता रही। टीम के समन्वित प्रयासों से अभियान शांतिपूर्ण एवं योजनाबद्ध तरीके से संपन्न हुआ।










