सीधी कलेक्टर का रौद्र रूप: “काम नहीं करोगे तो सीधे बर्खास्त कर दूंगा, फिर हाईकोर्ट जाते रहना”

---Advertisement---

सीधी कलेक्टर का रौद्र रूप: “काम नहीं करोगे तो सीधे बर्खास्त कर दूंगा, फिर हाईकोर्ट जाते रहना”

मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण में मिलीं खामियां, डॉक्टरों की अनुपस्थिति और लापरवाही पर कलेक्टर विकास मिश्रा सख्त।

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति परखने के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा मंगलवार शाम करीब 5 बजे मझौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के औचक निरीक्षण पर पहुंचे। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, दवा वितरण, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। कई कमियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।

सख्त तेवर अपनाते हुए कलेक्टर ने कहा, “काम नहीं करोगे तो सीधे बर्खास्त कर दूंगा, फिर हाईकोर्ट जाते रहना। हमें अपनी जनता का काम चाहिए, बहानेबाजी नहीं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी नौकरी का उद्देश्य जनता की सेवा है और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर इलाज और सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी मरीज को उपचार के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े और शासन की सभी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

इसी दौरान स्थानीय निवासी रोहित सिंह ने शिकायत की कि अस्पताल में कई दिनों से डॉक्टर नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, जिससे मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत सुनते ही कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के सख्त रुख के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप की स्थिति रही। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment