समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के सख्त निर्देश
पुराने मामलों के निराकरण में लाएं तेजी, योजनाओं और जनसेवा से जुड़े कार्यों की नियमित करें मॉनिटरिंग
जबलपुर। कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टर सभाकक्ष में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह एवं अखिलेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने आगामी मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों और गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संवाद संपर्क केंद्र के पोर्टल की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों से कहा कि अभियान से जुड़ी गतिविधियों के फोटो, वीडियो और अन्य प्रविष्टियां पोर्टल पर समय पर दर्ज की जाएं। उन्होंने अभियान के अंतर्गत जनसेवा से जुड़ी प्रेरणादायक ‘सेवा की कहानियां’ तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियां सामने आ सकें।
‘मेरे सपनों का भारत’ गतिविधियों की समीक्षा
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं की भी समीक्षा की। उन्होंने विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में अभियान से संबंधित गतिविधियां आयोजित करने के लिए व्यवस्थित कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए।
वन एवं राजस्व ग्राम के प्रकरणों का परीक्षण
कलेक्टर श्री सिंह ने वन ग्राम एवं राजस्व ग्राम से संबंधित प्रकरणों का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सभी नगरीय निकायों के अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
छात्रावासों में सुविधाओं पर विशेष निगरानी
बैठक में छात्रावासों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की उपस्थिति, भोजन की गुणवत्ता और अन्य सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावास अधीक्षकों एवं छात्र नायकों के साथ नियमित बैठकें आयोजित कर विद्यार्थियों की समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी लेने को कहा।
एल्गिन अस्पताल में जल और बिजली व्यवस्था की समीक्षा
कलेक्टर श्री सिंह ने एल्गिन अस्पताल में जल आपूर्ति, पाइपलाइन, जनरेटर, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में नर्मदा जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा बिजली कटौती के कारण होने वाली परेशानियों को दूर करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने 108 एम्बुलेंस सेवा के रिस्पॉन्स टाइम में सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों को विद्यालयों और छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने तथा विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
अपूर्ण गौशालाओं का निर्माण पूरा कराने के निर्देश
कलेक्टर ने जिले में गौशालाओं के संचालन और पंजीयन की स्थिति की जानकारी लेते हुए अपूर्ण गौशालाओं का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा तैयार गौशालाओं को जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अपंजीकृत एवं बंद गौशालाओं के पंजीयन और संचालन की प्रक्रिया में भी तेजी लाने को कहा।
सीएम हेल्पलाइन और पुराने प्रकरणों के निराकरण पर जोर
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी, राजस्व प्रकरणों सहित अन्य लंबित मामलों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों को पुराने प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मामले में आवश्यक दस्तावेज, जांच और नियमानुसार कार्रवाई पूरी करते हुए समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए।
जनगणना एवं निर्वाचन कार्यों की भी समीक्षा
बैठक की शुरुआत में जनगणना एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारी ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है तथा द्वितीय चरण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी।
बैठक में कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं और जनसेवा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।
CM Madhya Pradesh
#JansamparkMP #Jabalpur










