दीपदान से होगी जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत
गौरीघाट में 1 लाख दीपदान की तैयारी, ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में बूथ स्तर पर होंगे कार्यक्रम
जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से जिले में सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। एक माह तक चलने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर एवं रविशंकर राय सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि 17 सितंबर की शाम 7 बजे गौरीघाट में वृहद दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें करीब 1 लाख दीप प्रज्ज्वलित करने की तैयारी है। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन की व्यवस्थाएं अभी से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
2-2 हजार दीपों के क्लस्टर बनेंगे
गौरीघाट के आयोजन को सुव्यवस्थित करने के लिए करीब 2-2 हजार दीपों के क्लस्टर बनाए जाएंगे। प्रत्येक क्लस्टर की जिम्मेदारी नोडल अधिकारी अथवा टीम को दी जाएगी। संबंधित टीम दीपों की व्यवस्था, स्वयंसेवकों की तैनाती और आयोजन के संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।
स्वयंसेवी संस्थाओं की होगी सहभागिता
कार्यक्रम में महिला समूहों, एनसीसी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, रेडक्रॉस, स्काउट्स एवं गाइड्स, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों, वन विभाग एवं वन समितियों सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों की सहभागिता रहेगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायतों तथा शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम से जोड़ा जाएगा। संबंधित विभागों को हितग्राहियों एवं स्वयंसेवकों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की जनसेवा और विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों से नागरिकों को अवगत कराते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।










