Jaipur : प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने ग्रामीण सेवा शिविरों का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दिए अहम निर्देश

---Advertisement---

जयपुर, 09 जुलाई। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने गुरुवार को जयपुर द्वितीय जिले के बस्सी ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत खजुरिया ब्राह्मणान तथा चाकसू ब्लॉक की ग्राम पंचायत बल्लुपुरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विभिन्न जनस्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच में एनीमिया पाए जाने पर आवश्यकता अनुसार एफसीएम इंजेक्शन लगाने के निर्देश दिए, ताकि मातृ स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने आरबीएसके टीमों को किशोर बालिकाओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने तथा एनीमिक पाए जाने पर आयरन फोलिक एसिड (आईएफए) टैबलेट्स उपलब्ध कराकर उनका नियमित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

श्रीमती राठौड़ ने ग्रामीण सेवा शिविरों में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM-JAY) के पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित करने तथा 15 वर्ष तक की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

अंगदान जागरूकता अभियान के तहत उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उनका कहना था कि अंगदान से कई जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिल सकता है, इसलिए इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जाना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख शासन सचिव ने टीबी रोगियों एवं गर्भवती महिलाओं को पोषण किट भी वितरित किए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल, डिप्टी सीएमएचओ (स्वास्थ्य) डॉ. सुरेन्द्र गोयल, बीसीएमओ चाकसू डॉ. रवि चौधरी सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment