रानीताल खेल परिसर में 10 अक्टूबर को सजेगी रंगों की दुनिया, भव्य रंगोली महोत्सव की तैयारियां तेज
जबलपुर। विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत आगामी 10 अक्टूबर 2026 को रानीताल खेल परिसर में भव्य रंगोली महोत्सव आयोजित किया जाएगा। महोत्सव को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लेने निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार अधिकारियों के साथ रानीताल खेल परिसर पहुंचे और मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने आयोजन स्थल की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रतिभागियों की सुविधा, पार्किंग, आवश्यक संसाधनों और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और नागरिकों एवं प्रतिभागियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि रंगोली महोत्सव को आकर्षक, व्यवस्थित और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
खेल मैदान में निगमायुक्त ने आजमाया हाथ
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार का अलग अंदाज भी देखने को मिला। उन्होंने रानीताल खेल परिसर में आर्चरी और लॉन टेनिस में हाथ आजमाया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि रानीताल खेल परिसर जैसे स्थानों पर खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन से शहर के नागरिकों को बेहतर मंच मिलता है और युवाओं में खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के प्रति रुचि बढ़ती है।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, संभागीय अधिकारी अनुपम शुक्ला, कार्यालय अधीक्षक दिलीप दुबे, संभागीय यंत्री संदीप पाण्डेय, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक सौरभ तिवारी सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










