जबलपुर। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में स्पष्ट कर दिया कि जल संरक्षण, अमृत-2.0 परियोजना और जनशिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैच द रेन अभियान, अमृत-2.0, सीएम हेल्पलाइन और विधानसभा प्रश्नों से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं।
बैठक में वर्षा जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी शासकीय भवनों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही शहर के उद्यानों के विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
आयुक्त ने अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत चल रही जलापूर्ति एवं सीवरेज परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। उन्होंने तकनीकी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए श्री अहिरवार ने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न होकर आवेदक की संतुष्टि के साथ होना चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आगामी विधानसभा सत्र को देखते हुए सभी लंबित प्रश्नों के तथ्यात्मक और समयबद्ध उत्तर तैयार करने के भी निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने दोहराया कि जल स्रोतों के संरक्षण, अमृत-2.0 के कार्यों की गति और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया जाएगा।










