रीवा में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा, कॉल डिटेल से खुली साजिश की परतें; एक आरोपी गिरफ्तार, पत्नी से पूछताछ जारी।
रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में तीन महीने से लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में पुलिस ने जमीन में दफन शव बरामद किया है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मृतक की पत्नी से पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या की साजिश में पत्नी की भूमिका होने का संदेह है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव, निवासी मोहार टोला, भगदेवरा के रूप में हुई है। वह 26 मार्च को गोविंदगढ़ स्थित अपनी ससुराल गया था, जिसके बाद वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने 28 मार्च को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस का शक गांव निवासी सुनील कुशवाहा पर गया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास जमीन में दफन शव बरामद किया गया। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में खुदाई कर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस जांच में मृतक की पत्नी और आरोपी सुनील कुशवाहा के बीच लगातार फोन पर बातचीत के साक्ष्य मिले हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) के अनुसार दोनों दिन में कई बार संपर्क में थे। पुलिस को आशंका है कि हत्या की साजिश फोन पर ही रची गई थी।
फिलहाल आरोपी सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं मृतक की पत्नी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी जांच जारी है और सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









