कांग्रेस के थे शेखावाटी को प्यासा रखने के मंसूबे- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

---Advertisement---

झुंझुनूं, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को झुंझुनूं विधानसभा उप चुनाव के तहत सुल्ताना में कर्मठ, ईमानदार और जमीनी कार्यकर्ता व भाजपा प्रत्याशी श्री राजेन्द्र भाम्बू के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से भाजपा प्रत्याशी श्री भाम्बू को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं की धरती जवानों और किसानों की है। शेखावाटी का पानी और यहां का व्यक्ति बहुत ही गहरे हैं। झुंझुनूं की हवा अब बदली-बदली सी नजर आने लगी है।

देश के मालिक को कांग्रेस ने बनाया गरीब- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा राज कांग्रेस ने किया है। कांग्रेस ने मुल्क के मालिक को भिखारी बना दिया है और जो भिखारी थे वो आबाद हो गए हैं। 70 साल तक शिलान्यास के झूठे पत्थर लगाते रहे। कांग्रेस परिवारवाद और जातिवाद पर टिकी हुई है। उन्होंने कहा कि 15 दिसम्बर 2023 को हमारी सरकार का गठन होने के साथ ही हमनें जनता के सामने पेश किए संकल्प पत्र पर काम प्रारम्भ कर दिया था। हमारी सरकार के एक साल पूरे होने पर सभी वर्गों के लिए किए गए कामों का लेखा-जोखा जनता के सामने पेश करेंगे।

युवा करें तैयारी, 2 साल का भर्ती कैलेण्डर जारी

मुख्यमंत्री ने जनसभा में कहा कि कांग्रेस के राज में किसान के बच्चों के साथ धोखा हुआ। 19 में से 17 पेपर लीक किए। हमने सरकार बनते ही पेपर लीक के मामलों की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया और आज लगभग 200 लोग सलाखों के पीछे हैं। युवाओं के लिए हमनें दो साल का भर्ती कैलेण्डर जारी किया है। कैबिनेट में 90 हजार वैकेंसियों को मंजूरी देने का काम किया है। हमनें 60 हजार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की भर्ती का रास्ता साफ किया है। संकल्प पत्र में वादों के अनुसार और भर्तियां निकाली जाएंगी। एक साल में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा करेंगे।

कांग्रेस ने झूठ बोल कर लोगों को हमेशा धोखा देने का काम किया- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ और लूट की बातें ही करते हैं। लोकसभा के चुनाव में आरक्षण पर अफवाह फैलाई। चुनाव में हमेशा जाति और धर्म के नाम पर बांटते हैं। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समान भाव से सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास से राजनीति करते हैं। मोदी जी ने बिना जाति पूछे किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, खाद्य सुरक्षा का लाभ जरूरतमंदों को दिया। हमारी सरकार ने भी किसान सम्मान निधि की बढ़ी हुई राशि की पहली किस्त किसानों को दी और जल्द ही दूसरी किस्त भी देंगे।

प्रदेश की पानी की आवश्यकता हेतु किए अहम समझौते 

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानी की आवश्यकता के तहत आमजन को ईआरसीपी, यमुना जल समझौता, देवास परियोजना की सौगात दी है। हमारी सरकार ने सीकर, चुरू और झुंझुनूं को पानी देने के लिए हरियाणा सरकार के साथ यमुना जल समझौता किया, लेकिन कांग्रेस ने हरियाणा चुनाव के घोषणा पत्र में कहा कि सरकार आने पर इस समझौते को रद्द किया जाएगा लेकिन हरियाणा में उनके मंसूबे पूरे नहीं हुए। इस समझौते पर राजस्थान में कांग्रेस के लोगों ने एक भी पत्र नहीं लिखा जबकि पूर्व उप राष्ट्रपति स्व. भैरोसिंह शेखावत जी ने सबसे पहले यमुना जल की बात रखी थी।

कांग्रेस ने 5 साल में एक यूनिट भी बिजली उत्पादन नहीं किया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 5 साल के राज में बिजली की एक यूनिट का भी उत्पादन बढ़ाने का काम नहीं किया बल्कि 90 हजार करोड़ रूपए का घाटा देकर कर गए हैं। हमनें राजस्थान को 2027 तक बिजली क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए 2 लाख 24 हजार करोड़ रूपए के एमओयू किए। 2027 तक दिन में किसानों को बिजली देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 9 से 11 दिसम्बर तक राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया जाएगा। उद्योग लगने से युवाओं को रोजगार मिलेगा। हमनें 6 लाख युवाओं को प्राइवेट सेक्टर में रोजगार देने का वादा किया है।

कांग्रेस और उसके मित्रों ने जम्मू-कश्मीर में धारा 370 वापस लाने के लिए अराजकता की

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपने देखा होगा कि दो दिन पहले जम्मू-कश्मीर की विधानसभा में कांग्रेस और उसके मित्रों ने कश्मीर में धारा 370 वापस लाने के लिए अराजकता की है। यह झुंझुनूं की धरती है। शहीदों की धरती है। यहां के सैनिकों ने मातृभूमि के लिए प्राण न्यौछावर किए हैं। आज शहादत की इस धरती पर खड़े होकर मैं राहुल गांधी व उनके मित्रों को कहना चाहता हूं कि भारत माता पर लगे कलंक को 5 साल पहले देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने उखाड़ कर फेंक दिया था। अब राहुल गांधी के पुरखे भी वापस आ जाएं तो धारा 370 वापस नहीं ला सकते।

हमारी सरकार कर रही लोगों के सपने पूरे- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवीन युवा नीति, खेल नीति और नवीन कौशल नीति लेकर आ रहे हैं। 450 रूपए में गैस सिलेण्डर देने का वादा पूरा किया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन को 1 हजार से बढ़ाकर 1150 रूपए किया। 3 लाख नए पेंशनर्स भी जोड़े। आंगनबाड़ी कर्मी का मानदेय बढ़ाया। हमारी सरकार ने साढ़े 7 लाख लोगों को नामान्तरण दर्ज करते हुए किसान सम्मान निधि का फायदा देने का काम किया। उन्होंने कहा कि 200 विधानसभा क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार बजट देने का काम हमारी सरकार ने किया है। हमारी सरकार संकल्प पत्र के एक-एक वादे को पूरा करेगी।

जनसभा में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत, सुमित गोदारा, सांसद राव राजेन्द्र सिंह, राजस्थान सैनिक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष प्रेम सिंह बाजौर, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी, विधायक विक्रम सिंह जाखल, धर्मपाल गुर्जर, विधायक गोवर्धन वर्मा, सुभाष मील, हरलाल सहारण, अंशुमान सिंह भाटी, विश्वनाथ मेघवाल, जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरि, प्रदेश महामंत्री संतोष अहलावत, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, जिलाध्यक्ष बनवारी लाल सैनी, बीजेपी नेता बबलू चौधरी, शुभकरण चौधरी सहित पार्टी पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment