जबलपुर। संस्कारधानी को स्वच्छता के राष्ट्रीय मानचित्र पर शीर्ष स्थान दिलाने की दिशा में नगर निगम जबलपुर द्वारा लगातार नवाचार और जनजागरण के प्रयास किए जा रहे हैं। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शासकीय महाकौशल महाविद्यालय प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में एक विशेष नागरिक फीडबैक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में नगर निगम के अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, संभागीय नोडल अधिकारी प्रो. अरुण शुक्ल, शैलेंद्र पाण्डेय, नर्मदा प्रसाद शर्मा, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अलकेश चतुर्वेदी तथा लोकनाथ संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य श्री परमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का संस्कार और कर्तव्य है। यदि युवा शक्ति इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का बीड़ा उठा ले, तो जबलपुर निश्चित ही देश के सबसे स्वच्छ शहरों में अपना परचम लहराएगा।
कार्यक्रम में लगभग 240 छात्र-छात्राओं ने डिजिटल माध्यम से नागरिक फीडबैक दर्ज किया तथा अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़ने का सामूहिक संकल्प लिया। विद्यार्थियों को क्यूआर कोड स्कैन कर ऑनलाइन फीडबैक देने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। नगर निगम अधिकारियों और प्राध्यापकों ने विस्तार से बताया कि नागरिकों का सकारात्मक फीडबैक स्वच्छ सर्वेक्षण की रैंकिंग में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी फीडबैक फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करें, ताकि जनभागीदारी को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उन्होंने स्वयं को “स्वच्छता दूत” के रूप में समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।
नगर निगम के इस प्रयास ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जब प्रशासन और युवा शक्ति एक साथ कदम बढ़ाते हैं, तो शहर विकास और स्वच्छता की नई ऊंचाइयों को छूता है।
युवा शक्ति के संकल्प से स्वच्छता की नई उड़ान, महाकौशल कॉलेज में गूंजा स्वच्छ जबलपुर का संदेश
Published On: May 21, 2026 7:59 pm

---Advertisement---









