अखिल भारतीय कायस्थ महासभा,जयपुर की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली मुंशी प्रेमचंद साहित्य रत्न सम्मान प्रतियोगिता 2024 का आयोजन 31 जुलाई को किया जाएगा। प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन मुख्य अतिथि अजीत सक्सेना व विशिष्ट अतिथियों देवेंद्र मोहन माथुर, धर्मेंद्र जोहरी, रतन सक्सेना, अरुण सक्सेना, रवि माथुर तथा अन्य उपस्थित साहित्यकारों ने किया।
मुख्य अतिथि अजीत सक्सेना ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित पिछली प्रतियोगिता में 19 राज्यों के साहित्यकारों ने भाग लिया था। इस बार कायस्थ समाज के अलावा अन्य समाज के साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने के लिए एक नया प्रतियोगिता वर्ग “कविता” को जोड़ा गया है।
कार्यक्रम के संयोजक जयपुर जिला अध्यक्ष अरुण सक्सेना ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता 5 वर्गों में होगी। पहला व दूसरा वर्ग कायस्थ समाज के लिए, तीसरा वर्ग अन्य समाज के लिए व चौथा और पांचवा वर्ग सभी समाजों के लिए होगा।
कार्यक्रम के सहसंयोजक जिला महामंत्री रवि माथुर ने बताया कि पांच वर्ग में होने वाली प्रतियोगिता में हर वर्ग में प्रथम पुरस्कार 11,101 द्वितीय पुरस्कार 7,101 वह तृतीय पुरस्कार 5,101 रुपए का होगा। हर वर्ग में 10-10 प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए जायेंगे।










