स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर का देश में डंका, तीसरे स्थान पर संस्कारधानी

---Advertisement---

स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में जबलपुर का देश में डंका, तीसरे स्थान पर संस्कारधानी

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम में ऐतिहासिक उपलब्धि, निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में शहर ने हासिल की बड़ी सफलता

जबलपुर। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में संस्कारधानी जबलपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया है। शहर की यह उपलब्धि स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त वातावरण की दिशा में किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

 

जबलपुर नगर निगम द्वारा धूल नियंत्रण, आधुनिक सफाई व्यवस्था, हरित क्षेत्र बढ़ाने, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को लेकर किए जा रहे प्रयासों को इस उपलब्धि का प्रमुख आधार माना गया है। निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में नगर निगम की टीम द्वारा स्वच्छ वायु के लक्ष्य को लेकर किए जा रहे प्रयासों को इस सफलता से नई पहचान मिली है।

 

धूल नियंत्रण पर विशेष जोर

 

शहर में वायु प्रदूषण के प्रमुख कारणों में शामिल सड़क की धूल को नियंत्रित करने के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग के साथ वॉटर स्प्रिंकलिंग की व्यवस्था पर जोर दिया गया। प्रमुख मार्गों और क्षेत्रों में नियमित सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया, जिससे धूल के कणों को नियंत्रित करने में मदद मिली।

 

बढ़ाया जा रहा हरित आवरण

 

शहर को हरित बनाने के लिए प्रमुख क्षेत्रों, डिवाइडरों और पार्कों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है। हरित क्षेत्र में वृद्धि से वायु गुणवत्ता सुधारने के साथ शहर के पर्यावरणीय संतुलन को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

 

कचरा जलाने पर रोक, वैज्ञानिक प्रबंधन

 

खुले में कचरा एवं पत्तियां जलाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के साथ वैज्ञानिक तरीके से अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा दिया जा रहा है। नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी खुले में कचरा अथवा पत्तियां नहीं जलाने की अपील की गई है।

 

ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा

 

वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक वाहनों और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। कम दूरी के लिए पैदल चलने और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जा रहा है।

 

जबलपुरवासियों की सहभागिता से मिली सफलता

 

नगर निगम ने इस उपलब्धि का श्रेय शहरवासियों के सहयोग को भी दिया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने घर और आसपास पौधे लगाएं, खुले में कचरा एवं पत्तियां न जलाएं तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

 

देश में तीसरा स्थान हासिल कर जबलपुर ने स्वच्छ वायु की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर साबित किया है। यह उपलब्धि संस्कारधानी के लिए गौरव का विषय होने के साथ आने वाले समय में शहर को और बेहतर वायु गुणवत्ता की ओर ले जाने की प्रेरणा भी है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment