यह जबलपुर है भैया… न कलेक्टर संज्ञान लेंगे न कोई जिम्मेदार अधिकारी, सिर्फ जनसुनवाई में फोटो खींचेंगी, EOW के पत्र भी फाइलों में दफन, आठ महीने से ज्यादा समय के बाद भी कार्रवाई का इंतजार
मार्च में आया आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ का पत्र, जुलाई में तहसीलदार के स्थानांतरण से ठीक एक दिन पहले दर्ज हुए बयान, लेकिन नवंबर तक भी कार्रवाई का कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया; आखिर किसे बचा रहा है सिस्टम और कब तय होगी जिम्मेदारी?
जबलपुर। सरकारी दफ्तरों में फाइलें कैसे चलती हैं और भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई की रफ्तार कितनी धीमी हो सकती है, इसकी एक तस्वीर जबलपुर कलेक्टर कार्यालय से जुड़े एक मामले में दिखाई दे रही है। यहां आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) भोपाल के महानिदेशक कार्यालय से भेजा गया आधिकारिक पत्र पहले करीब चार महीने तक स्थापना शाखा में लंबित रहा और जब कार्रवाई की हलचल शुरू हुई तो वह भी तहसीलदार के स्थानांतरण से ठीक एक दिन पहले बयान दर्ज करने तक सीमित नजर आई। अब नवंबर का महीना भी बीतने को है, लेकिन शिकायतों पर कार्रवाई का कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया है। सवाल यह है कि आखिर आठ महीने से अधिक समय गुजरने के बाद भी मामला कहां अटका हुआ है? क्या जांच पूरी हो गई, क्या दोषियों की जिम्मेदारी तय हुई या फिर यह प्रकरण भी सरकारी फाइलों में दबकर रह गया?
10 मार्च को जारी हुआ पत्र, 18 मार्च को पहुंचा कलेक्टर कार्यालय
प्रकरण क्रमांक 467/26,00779/2026(1) में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, भोपाल के महानिदेशक कार्यालय से सहायक महानिरीक्षक (अपराध) द्वारा 10 मार्च 2026 को कलेक्टर जबलपुर के नाम पत्र जारी किया गया था। यह पत्र 18 मार्च 2026 को कलेक्टर कार्यालय पहुंच चुका था। पत्र तत्कालीन रांझी तहसील के राजस्व निरीक्षक दरगंज यादव एवं अन्य के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों के परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई से संबंधित था। मामला महत्वपूर्ण था, क्योंकि पत्र किसी सामान्य कार्यालय से नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक अपराध जांच एजेंसी से आया था। इसके बावजूद जानकारी के अनुसार यह पत्र लगभग चार महीने तक स्थापना शाखा में लंबित रहा। अब सवाल यह है कि पत्र प्राप्त होने के बाद उसे किस अधिकारी के पास भेजा गया, किस स्तर पर कार्रवाई रुकी और इतने लंबे समय तक किसी ने इसकी सुध क्यों नहीं ली?
तहसीलदार के स्थानांतरण से एक दिन पहले अचानक दर्ज हुए बयान!
इस पूरे मामले में तारीखों का घटनाक्रम भी कई सवाल खड़े करता है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 2 जुलाई 2026 को तत्कालीन राजस्व निरीक्षक के बयान दर्ज किए गए, जबकि 3 जुलाई 2026 को रांझी तहसीलदार का अन्य तहसील में स्थानांतरण हो गया। यानी जिस मामले में मार्च से कोई प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आ रही थी, उसमें स्थानांतरण से ठीक एक दिन पहले अचानक बयान दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। आखिर मार्च, अप्रैल, मई और जून में यह प्रक्रिया क्यों नहीं हुई? क्या संबंधित अधिकारियों को EOW के पत्र की गंभीरता समझने में चार महीने लग गए? क्या यह महज संयोग था कि बयान दर्ज होने के अगले ही दिन तहसीलदार का स्थानांतरण हो गया?
जुलाई में बयान दर्ज हुए, लेकिन नवंबर तक कार्रवाई कहां पहुंची?
अब इस मामले का सबसे बड़ा और मौजूदा सवाल यह है कि जुलाई में बयान दर्ज होने के बाद आगे क्या हुआ? नवंबर का महीना समाप्ति की ओर है, लेकिन अब तक शिकायत पर किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। क्या बयान दर्ज होने के बाद शिकायतों का परीक्षण पूरा कर लिया गया? क्या संबंधित दस्तावेजों की जांच हुई? क्या किसी अधिकारी की जिम्मेदारी तय की गई? क्या EOW भोपाल को जांच रिपोर्ट भेजी गई? यदि कार्रवाई हुई है तो उसका विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया और यदि कार्रवाई नहीं हुई तो इसके पीछे कारण क्या हैं?
चार महीने तक पत्र स्थापना शाखा में लंबित रहा, फिर बयान दर्ज होने के बाद भी कई महीने गुजर गए। आखिर इस पूरे मामले में समय किसका बर्बाद हो रहा है और जवाबदेही किसकी है? क्या शिकायतकर्ता को केवल तारीखों और आश्वासनों के सहारे छोड़ दिया गया है?
स्थापना शाखा की भूमिका की जांच क्यों नहीं?
कलेक्टर कार्यालय की स्थापना शाखा में महत्वपूर्ण प्रशासनिक पत्रों का समय पर निराकरण होना जरूरी है। ऐसे में EOW जैसी जांच एजेंसी का पत्र महीनों तक लंबित रहना सामान्य कार्यालयीन देरी बताकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पत्र प्राप्ति रजिस्टर, फाइल मूवमेंट, संबंधित अधिकारियों की टिप्पणियां और कार्रवाई की समयसीमा की जांच होनी चाहिए। यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि पत्र किस अधिकारी के पास कितने दिन रहा और उसे आगे बढ़ाने में देरी क्यों हुई। क्या स्थापना शाखा के जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा गया? क्या किसी ने इस देरी की जवाबदेही तय की?
EOW के पत्र पर भी कार्रवाई नहीं तो आम शिकायतकर्ता किसके पास जाए?
यह मामला केवल एक राजस्व निरीक्षक या एक तहसील का नहीं रह गया है। यह प्रशासनिक जवाबदेही का सवाल बन चुका है। जब प्रदेश की आर्थिक अपराध जांच एजेंसी का आधिकारिक पत्र कलेक्टर कार्यालय पहुंचने के बाद भी महीनों तक लंबित रह सकता है और बयान दर्ज होने के बाद भी कार्रवाई का परिणाम सामने नहीं आता, तो आम नागरिक अपनी शिकायत लेकर आखिर कहां जाए?
अब कलेक्टर जबलपुर से अपेक्षा है कि वे पूरे मामले की फाइल तलब कर यह स्पष्ट करें कि मार्च से नवंबर तक क्या-क्या कार्रवाई हुई। स्थापना शाखा में पत्र लंबित रखने वाले जिम्मेदार कौन थे? जुलाई में बयान दर्ज होने के बाद जांच कहां पहुंची? क्या EOW को रिपोर्ट भेजी गई? यदि नहीं, तो क्यों? और यदि शिकायत में तथ्य पाए गए हैं तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
आठ महीने से अधिक समय गुजर गया। EOW का पत्र आया, फाइल चली, बयान भी दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई का परिणाम अब भी सवालों के घेरे में है। आखिर जब जांच एजेंसी के पत्र का यह हाल है, तो आम आदमी की शिकायतों का क्या होगा? यह जबलपुर है भैया… यहां जवाबदेही तय होने का इंतजार भी शायद फाइलों में ही होता है!
उजला दर्पण | मध्यप्रदेश










