शिकायत पहुंची EOW तक, पत्र पहुंचा कलेक्ट्रेट… लेकिन कार्रवाई शायद रास्ता भटक गई, कलेक्टर महोदय क्या आप करेंगे करवाई या फिर करना पड़ेगा लंबा इंतजार, सुधीर सोनी पर इतनी मेहरबानी क्यों
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल ने शिकायत की मूल प्रति भेजकर विभागीय परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई के दिए थे निर्देश, चार महीने स्थापना शाखा में लंबित रहा पत्र; जुलाई में बयान दर्ज होने के बाद भी नवंबर तक नतीजा नदारद, आखिर कलेक्टर कार्यालय में किसकी जवाबदेही तय होगी?
जबलपुर। भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई और जवाबदेही की बात करने वाला प्रशासन जब अपनी ही टेबल पर पहुंचे महत्वपूर्ण पत्रों का समय पर निराकरण नहीं कर पाता, तो व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। जबलपुर कलेक्टर कार्यालय से जुड़ा एक ऐसा ही मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) मुख्यालय भोपाल ने वीरेंद्र कुमार झा की शिकायत पर राजस्व निरीक्षक दरगंजन यादव एवं सुधीर सोनी के विरुद्ध शिकायत की मूल प्रति कलेक्टर जबलपुर को भेजकर विभागीय परीक्षण और आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए थे। लेकिन हैरानी देखिए, मार्च 2026 में आया यह पत्र जानकारी के अनुसार लगभग चार महीने तक कलेक्ट्रेट की स्थापना शाखा में लंबित रहा। जुलाई में बयान दर्ज होने की जानकारी सामने आई, लेकिन नवंबर का महीना समाप्ति की ओर है और अब तक शिकायत पर किसी ठोस अंतिम कार्रवाई का विवरण सामने नहीं आया है। ऐसे में सवाल केवल सुधीर सोनी के विरुद्ध शिकायत का नहीं, बल्कि कलेक्टर कार्यालय की निगरानी और प्रशासनिक जवाबदेही का भी है। आखिर कलेक्टर कार्यालय में इस फाइल की सुध लेने वाला कोई नहीं था या फिर कार्रवाई की रफ्तार ही कुछ खास मामलों में धीमी पड़ जाती है?
EOW का पत्र कलेक्टर के नाम, फिर आठ महीने तक कार्रवाई का हिसाब कौन देगा?
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ मुख्यालय भोपाल के पत्र क्रमांक 467/26,00779/2026(I) में आवेदक वीरेंद्र कुमार झा, निवासी धारका नगर, जबलपुर की शिकायत का उल्लेख है। पत्र में अनावेदक के रूप में राजस्व निरीक्षक दरगंजन यादव एवं सुधीर सोनी के नाम दर्ज हैं। सहायक महानिरीक्षक (अपराध) पलवी त्रिवेदी के हस्ताक्षर से जारी इस पत्र में शिकायत की मूल प्रति संलग्न कर कलेक्टर जबलपुर को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई थी।
पत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि विभागीय परीक्षण के बाद यदि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ द्वारा जांच प्रस्तावित हो, तो विभागीय अनुशंसा के साथ शासन के ज्ञाप क्रमांक एफ 22/25/92/1-10, दिनांक 02.11.1993 के अनुरूप सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से प्रकरण EOW को अग्रेषित किया जाए। यानी EOW ने आगे की प्रक्रिया भी स्पष्ट कर दी थी। अब सवाल यह है कि कलेक्टर कार्यालय ने इस निर्देश पर क्या कार्रवाई की? विभागीय परीक्षण किसने किया? अनुशंसा तैयार हुई या नहीं? प्रकरण सामान्य प्रशासन विभाग के माध्यम से EOW को भेजा गया या नहीं? यदि नहीं भेजा गया तो आठ महीने से अधिक समय तक यह प्रक्रिया क्यों अटकी रही?
चार महीने स्थापना शाखा में पत्र दबा रहा, कलेक्टर कार्यालय को भनक तक नहीं लगी?
जानकारी के अनुसार EOW का पत्र 18 मार्च 2026 को कलेक्टर कार्यालय पहुंच चुका था, लेकिन इसके बाद लगभग चार महीने तक स्थापना शाखा में लंबित रहा। यह स्थिति अपने आप में कई सवाल खड़े करती है। कलेक्टर कार्यालय में महत्वपूर्ण पत्रों की निगरानी और समयबद्ध निराकरण की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? क्या लंबित पत्रों की समीक्षा नहीं होती? क्या स्थापना शाखा में आने वाले महत्वपूर्ण पत्रों की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंचती?
यदि कलेक्टर कार्यालय को पत्र प्राप्त होने की जानकारी थी, तो इतने लंबे समय तक कार्रवाई आगे क्यों नहीं बढ़ी? और यदि जानकारी नहीं थी, तो फिर कार्यालय की निगरानी व्यवस्था किस काम की है? क्या कलेक्टर इस पूरे मामले में संबंधित शाखा से जवाब मांगेंगे? क्या पत्र की फाइल मूवमेंट और उस पर हुई टिप्पणियों की जांच कराई जाएगी? आखिर चार महीने तक एक महत्वपूर्ण पत्र किसकी मेज पर रुका रहा?
तहसीलदार के स्थानांतरण से ठीक एक दिन पहले बयान, क्या यह महज संयोग था?
इस प्रकरण में तारीखों का घटनाक्रम भी कम दिलचस्प नहीं है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार 2 जुलाई 2026 को तत्कालीन राजस्व निरीक्षक दरगंजन यादव के बयान दर्ज किए गए, जबकि 3 जुलाई 2026 को तत्कालीन रांझी तहसीलदार का अन्य तहसील में स्थानांतरण हो गया। यानी मार्च में प्राप्त पत्र पर महीनों तक कोई प्रभावी हलचल दिखाई नहीं दी और स्थानांतरण से ठीक एक दिन पहले बयान दर्ज होने की जानकारी सामने आई।
अब सवाल यह है कि मार्च, अप्रैल, मई और जून में यह प्रक्रिया क्यों नहीं पूरी हुई? क्या संबंधित अधिकारियों को चार महीने तक EOW के पत्र की गंभीरता समझने का समय नहीं मिला? क्या बयान दर्ज करना ही विभागीय परीक्षण की पूरी प्रक्रिया थी? यदि नहीं, तो उसके बाद क्या हुआ? क्या सुधीर सोनी से संबंधित शिकायत के सभी बिंदुओं की जांच हुई? क्या दस्तावेजों का परीक्षण किया गया? क्या किसी निष्कर्ष पर पहुंचा गया?
सुधीर सोनी के मामले में जांच की रफ्तार इतनी धीमी क्यों?
शिकायत में सुधीर सोनी का नाम स्पष्ट रूप से दर्ज है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि शिकायत में उठाए गए तथ्यों और आरोपों का विभागीय स्तर पर कितना परीक्षण हुआ। क्या सुधीर सोनी से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई? क्या उनकी भूमिका पर कोई निष्कर्ष निकाला गया? क्या शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों का परीक्षण हुआ? यदि शिकायत में तथ्य नहीं पाए गए तो उसका आधार क्या है? और यदि जांच में आगे की कार्रवाई आवश्यक पाई गई तो अब तक कदम क्यों नहीं उठाया गया?
यहां सवाल किसी को पहले से दोषी ठहराने का नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का है। शिकायत में नाम आने के बाद संबंधित व्यक्ति की भूमिका की जांच होना और शिकायतकर्ता को परिणाम बताना प्रशासन की जिम्मेदारी है। लेकिन आठ महीने बाद भी यदि कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट नहीं है, तो सवाल उठेंगे ही। आखिर सुधीर सोनी के मामले में इतनी देरी क्यों हो रही है? क्या संबंधित अधिकारी इस प्रकरण को गंभीरता से ले रहे हैं?
कलेक्टर महोदय! आपकी निगरानी में चल रहा कार्यालय, फिर जवाबदेही किसकी?
अब सीधे सवाल कलेक्टर जबलपुर से हैं। EOW का पत्र आपके कार्यालय के नाम आया था। पत्र पर विभागीय परीक्षण और आगे की प्रक्रिया का उल्लेख था। ऐसे में क्या आपने इस प्रकरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली? क्या स्थापना शाखा से फाइल तलब की गई? क्या यह पता लगाया गया कि मार्च से जुलाई तक पत्र लंबित क्यों रहा? क्या जुलाई में बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की समीक्षा हुई? क्या सामान्य प्रशासन विभाग को अनुशंसा भेजी गई? यदि नहीं, तो इसकी जिम्मेदारी किस अधिकारी की है?
क्या कलेक्टर कार्यालय इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों से लिखित जवाब मांगेगा? क्या स्थापना शाखा में पत्र लंबित रहने की जांच होगी? क्या शिकायतकर्ता वीरेंद्र कुमार झा को अब तक हुई कार्रवाई का लिखित विवरण उपलब्ध कराया जाएगा? यदि कलेक्टर कार्यालय में ही EOW के पत्रों की ऐसी स्थिति है, तो आम नागरिक की शिकायतों का समयबद्ध निराकरण कैसे सुनिश्चित होगा?
EOW के अधिकारी भी बताएं, आगे की कार्रवाई का क्या हुआ?
इस मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ भोपाल के संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है। जब EOW ने पत्र भेजकर विभागीय परीक्षण और अनुशंसा की प्रक्रिया बताई थी, तो क्या उसके बाद प्रकरण की प्रगति की जानकारी ली गई? क्या कलेक्टर कार्यालय से रिपोर्ट मांगी गई? क्या विभागीय परीक्षण पूरा होने की सूचना मिली? यदि नहीं, तो क्या दोबारा पत्राचार किया गया? आखिर शिकायतकर्ता की शिकायत का वर्तमान स्टेटस क्या है?
आठ महीने बाद भी जवाब का इंतजार, आखिर कब खुलेगी फाइल?
यह मामला अब केवल एक शिकायत तक सीमित नहीं है। यह कलेक्टर कार्यालय की निगरानी व्यवस्था, स्थापना शाखा की कार्यप्रणाली और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के साथ होने वाले आधिकारिक पत्राचार की गंभीरता का सवाल है। मार्च में पत्र जारी हुआ, मार्च में ही कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जुलाई में बयान दर्ज हुए और नवंबर तक भी शिकायत के अंतिम परिणाम की जानकारी सामने नहीं आई।
आखिर शिकायतकर्ता वीरेंद्र कुमार झा को कब तक इंतजार करना पड़ेगा? क्या कलेक्टर जबलपुर इस पूरे मामले की फाइल तलब कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करेंगे? क्या सुधीर सोनी के विरुद्ध शिकायत के प्रत्येक बिंदु की निष्पक्ष जांच होगी? क्या चार महीने तक पत्र लंबित रखने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी?
शिकायत EOW तक पहुंची, EOW का पत्र कलेक्ट्रेट पहुंचा, बयान भी दर्ज हुए, लेकिन कार्रवाई का परिणाम आज भी सवालों में है। अब कलेक्टर जबलपुर को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर आठ महीने में इस प्रकरण में क्या हुआ? कहीं ऐसा तो नहीं कि सरकारी फाइलों में कार्रवाई की प्रक्रिया चलती रही और शिकायतकर्ता न्याय की प्रतीक्षा करता रह गया!
उजला दर्पण | मध्यप्रदेश










