रीवा में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत 6 इलेक्ट्रिक बसों का शुभारंभ, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने दिखाई हरी झंडी, खुद किया सफर, सीधी-सतना-जबलपुर रूट पर चलेंगी बसें
शनिवार को सीएम मोहन यादव ने प्रदेश में 350 बसों को किया था रवाना, रविवार को रीवा में ई-बस सेवा शुरू, फोरलेन कनेक्टिविटी से सफर हुआ सुगम, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
रीवा। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत रीवा में रविवार को 6 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हुआ। उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी इलेक्ट्रिक बस में सफर किया।
इन रूटों पर चलेंगी ई-बसें
जानकारी के अनुसार ये बसें रीवा से सीधी, सतना और जबलपुर के लिए संचालित होंगी। नई सेवा शुरू होने से इन शहरों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रदेश में 350 बसों की सौगात
इससे एक दिन पहले शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशभर में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत 350 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसी क्रम में रविवार को रीवा में 6 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया गया। मुख्यमंत्री के विशेष प्रयासों से प्रदेश में यह सेवा शुरू की गई है।
रीवा चारों ओर से फोरलेन से जुड़ा
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि रीवा अब चारों ओर से शानदार फोरलेन सड़कों से जुड़ चुका है। इससे यात्रियों का सफर पहले के मुकाबले ज्यादा आरामदायक और सुगम हुआ है। इसी वजह से योजना का नाम सुगम परिवहन योजना रखा गया है।
पर्यावरण संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा
इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। नई बस सेवा से रीवा और दूसरे शहरों के बीच आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और नागरिकों को आरामदायक सार्वजनिक परिवहन मिलेगा।










