5000 रुपये के विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में 5000 रुपये के लेन-देन के विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार संजीवनी नगर निवासी आयुष उर्फ निक्की साहू का रोहन पटेल से 5000 रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। 12 मई की दोपहर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि रोहन पटेल ने अपने साथी यशपाल सिरपाल एवं एक नाबालिग को मौके पर बुलाया, जिसके बाद तीनों ने मिलकर आयुष पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने आयुष पर चाकू से कई वार किए। जांघ में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहन पटेल, यशपाल सिरपाल और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू एवं खून से सनी शर्ट भी बरामद की गई है।
पुलिस ने प्रारंभ में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, लेकिन युवक की मौत के बाद प्रकरण को धारा 302 बीएनएस के तहत हत्या में परिवर्तित कर दिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।










