अनहद की पाँचवी प्रस्तुति: डॉ. अश्विनी भिड़े के स्वर से महकेगी कार्तिक की शाम

---Advertisement---

जयपुर | राजस्थान की सांस्कृतिक फिज़ा एक बार फिर शास्त्रीय सुरों से गूंजने जा रही है। राजस्थान पर्यटन विभाग और SPIC MACAY के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “अनहद” शास्त्रीय संगीत श्रृंखला की पाँचवी प्रस्तुति शनिवार, 10 जनवरी को होगी। श्रृंखला की संयोजक अनु चंडोक और हिमानी खींची ने बताया कि Jawahar Kala Kendra के मध्यवर्ती प्रांगण में शाम 6 बजे से शुरू होने वाले इस निःशुल्क कार्यक्रम में मुंबई की प्रख्यात शास्त्रीय गायिका Ashwini Bhide-Deshpande अपने सुरों से श्रोताओं को भाव-विभोर करेंगी।

कार्यक्रम में हारमोनियम पर ध्यानेश्वर सोनावणे और तबले पर प्रणव गुरव संगत करेंगे। दोनों कलाकारों की संगति डॉ. अश्विनी भिड़े के गायन को लय और भाव की सशक्त आधारशिला प्रदान करेगी, जिससे यह संगीतमय संध्या और भी समृद्ध रूप लेगी।

जयपुर-अतरौली घराने की सशक्त प्रतिनिधि

डॉ. अश्विनी भिड़े-देशपांडे जयपुर-अतरौली घराने की सुप्रसिद्ध प्रतिनिधि मानी जाती हैं। उन्होंने महज 11 वर्ष की आयु में संगीत विशारद की उपाधि प्राप्त की और तभी से खयाल, तराना और बंदिशों के विविध रंगों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनके गायन की खासियत राग की गहन समझ, भाव की कोमल अभिव्यक्ति और लय की सटीकता है, जो श्रोताओं को शास्त्रीय संगीत की आत्मा से सीधे जोड़ देती है।

अनहद श्रृंखला से जीवंत हो रही जयपुर की सांस्कृतिक धड़कन

पर्यटन विभाग और स्पिकमैके की यह मासिक “अनहद” श्रृंखला हर दूसरे शनिवार आयोजित की जाती है, जिसमें देश के प्रतिष्ठित कलाकार जयपुर के संगीत प्रेमियों से रूबरू होते हैं। यह पहल न केवल शास्त्रीय संगीत को व्यापक जनसमूह तक पहुँचाने का माध्यम बन रही है, बल्कि जयपुर को एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में भी सुदृढ़ कर रही है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment