Udaipur को ‘Best Wedding Destination’ अवॉर्ड, Outlook Traveller Awards 2025 में फिर दमक उठा राजस्थान

वेडिंग टूरिज़्म
---Advertisement---

नई दिल्ली/उदयपुर। झीलों और महलों की नगरी उदयपुर ने एक बार फिर अपने वेडिंग टूरिज़्म की चमक कायम रखते हुए आउटलुक ट्रैवलर अवॉर्ड्स 2025 में ‘बेस्ट वेडिंग डेस्टिनेशन’ का खिताब जीता। यह पुरस्कार नई दिल्ली स्थित हयात रीजनसी में आयोजित भव्य समारोह में घोषित किया गया, जहां सिक्किम के पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री टी.टी. भूटिया ने राजस्थान पर्यटन के अतिरिक्त निदेशक आनंद त्रिपाठी और संयुक्त निदेशक (उदयपुर) सुमिता सारोच को सम्मानित किया।

डेस्टिनेशन वेडिंग की श्रेणी में राजस्थान लगातार शीर्ष पर बना रहा है। उदयपुर के महल, झीलें, मेवाड़ी विरासत और यहां के हेरिटेज वेन्यू न केवल देशभर बल्कि वैश्विक स्तर पर भी कपल्स की पहली पसंद बन चुके हैं। हाल के वर्षों में उदयपुर एशिया और विश्व के शीर्ष पांच वेडिंग डेस्टिनेशन्स में शुमार रहा है।

उपमुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान डेस्टिनेशन वेडिंग का सबसे भरोसेमंद और प्रीमियम केंद्र है। उन्होंने बताया कि राज्य में देश की लगभग 70% हेरिटेज प्रॉपर्टीज मौजूद हैं और 120 से अधिक हेरिटेज वेन्यू हर साल देश-विदेश की शादियों की मेजबानी करते हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की खूबसूरती, परंपराएं और धरोहर हर शादी को एक अविस्मरणीय अनुभव में बदल देती हैं।

पर्यटन आयुक्त रूकमणी रियाड़ ने बताया कि राज्य उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के नेतृत्व में वेडिंग, वेलनेस और एडवेंचर टूरिज़्म के क्षेत्र में अपनी पहचान को और मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की सांस्कृतिक समृद्धि और विरासत पर्यटन को नई दिशा प्रदान कर रही है।

विशेषज्ञों की जूरी—ज्योति मायल, अनुभव सप्रा, कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल, डॉ. नाविना जाफा, डॉ. लतिका नाथ और जूरी चेयर अनिंदिता घोष—ने कई मानकों के विस्तृत मूल्यांकन के बाद उदयपुर को इस पुरस्कार के लिए चुना।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न श्रेणियों में अवॉर्ड प्रदान किए गए। देशभर के पर्यटन विशेषज्ञ, ट्रैवल इंडस्ट्री के प्रतिनिधि और कई वरिष्ठ अधिकारी समारोह में उपस्थित रहे।

उदयपुर की लोकप्रियता हालिया वर्षों में बॉलीवुड, उद्योग जगत और वैश्विक हस्तियों की हाई-प्रोफाइल शादियों से और बढ़ी है। इसी कड़ी में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुत्र डोनाल्ड ट्रंप जूनियर भी उद्योगपति रामराजू मंटेना की बेटी की शादी में शामिल होने आज उदयपुर पहुंच रहे हैं। झील पिछोला किनारे द लीला पैलेस में आयोजित होने वाले इस शाही समारोह ने उदयपुर की वैश्विक पहचान को और मजबूत किया है।

विशेषज्ञ मानते हैं कि यह पुरस्कार पर्यटन, इवेंट्स, फिल्म शूटिंग और वेडिंग टूरिज़्म में तेजी से उभरते राजस्थान के लिए भविष्य में निवेश और विकास के नए अवसर खोलेगा।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment